शिक्षा विभाग ने जारी किया शिविरा पंचांग! नए सत्र में स्कूलों में कुल 134 दिन के अवकाश का एलान, जानिए कब-कब बंद रहेंगे स्कूल ?

इस बार साल के 365 दिनों में से सरकारी और निजी स्कूलों में 235 दिन ही कक्षाएं लगेंगी। जबकि 134 दिन छुट्टियां रहेंगी। इन छुट्टियों में त्योहार, गर्मी, सर्दी, मध्यावधि छुट्टियां शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट की ओर से यह शिविरा पंचांग जारी किया गया है। इस पंचांग के अनुसार सत्र के अंत तक स्कूली कार्यक्रम, परीक्षाएं, खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, पंचांग में पूरे सत्र के कार्यक्रम तय किए गए हैं। दिवाली और मध्यावधि छुट्टियां 16 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक रहेंगी। वहीं, सर्दी की छुट्टियां 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक रहेंगी। अगर गर्मी की छुट्टियों की बात करें तो यह 17 मई से 30 जून तक रहेंगी।
जून 2026 में पूरे महीने की छुट्टी है
शिविरा पंचांग के अनुसार, जून 2026 में सबसे ज्यादा छुट्टियां आ रही हैं। इस महीने में 30 दिन की छुट्टियां हैं। क्योंकि इस महीने में 1 से 30 जून तक गर्मी की छुट्टियां होती हैं। इन छुट्टियों में पांच त्यौहार भी हैं। इनमें 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 26 को मोहर्रम और 28 को भामाशाह जयंती शामिल है।
1 से 8 मई तक होंगी वार्षिक परीक्षाएं
राज्य समान परीक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं 23 अप्रैल से 8 मई तक होंगी। वहीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2026 में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएंगी। इसके बाद नया सत्र 2026-2027 भी 1 जुलाई से शुरू होगा और 16 जुलाई तक प्रवेशोत्सव का पहला चरण आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां कर ली गई हैं।
16 मई को जारी होंगे परीक्षा परिणाम
पंचांग के अनुसार प्रथम परीक्षा 18 से 20 अगस्त तथा द्वितीय परीक्षा 13 से 15 अक्टूबर तथा तृतीय परीक्षा 5 से 7 फरवरी तक होगी। राज्य स्तरीय सामान्य परीक्षा के अंतर्गत अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 12 से 24 दिसंबर तथा वार्षिक परीक्षाएं 23 अप्रैल से 8 मई तक होंगी। इसके बाद 16 मई को परिणाम जारी किए जाएंगे।
कक्षा 9 से 12 में 31 जुलाई तक होंगे प्रवेश
नया शिक्षा सत्र 2025.26 एक जुलाई से शुरू होगा। सामान्य प्रवेश प्रक्रिया तथा नियमित कक्षा अध्यापन एक जुलाई से ही शुरू हो जाएगा। हालांकि प्रवेशोत्सव का पहला चरण 16 जुलाई तक चलेगा। वहीं कक्षा 9 से 12 में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई ही रहेगी।
15 दिन तक मनाया जाएगा स्वच्छता पखवाड़ा
पंचांग के अनुसार, 1 सितंबर से 15 सितंबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में अनिवार्य रूप से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इन दिनों पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी और चलचित्र जैसी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता का महत्व समझाया जा सकता है।
अलग-अलग शिफ्ट में चलेंगे स्कूल
शिक्षा विभाग द्वारा जारी शिविरा पंचांग के अनुसार, ग्रीष्मकाल में 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक सिंगल शिफ्ट स्कूल का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। जबकि सर्दियों में 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। जबकि दूसरी शिफ्ट वाले स्कूलों में 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक पहली शिफ्ट सुबह 7 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12.30 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी। प्रत्येक शिफ्ट साढ़े पांच घंटे की होगी। जबकि 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक पहली शिफ्ट सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगी। सर्दियों में प्रत्येक शिफ्ट 5 घंटे की होगी।