राजस्थान में भगवान महावीर के 2624वां जन्म कल्याणक महोत्सव की धूम, 3 दिवसीय उत्सव की धूम, डांडिया और शोभायात्रा का होगा आयोजन
प्रतापगढ़ में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की 2624वीं जयंती तीन दिवसीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी। इस समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर में महत्वपूर्ण बैठक हुई। सकल जैन समाज के संयोजक अर्पित सालगिया के अनुसार नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
शुभेंदु घीया को अध्यक्ष और पंकज जैन को उपाध्यक्ष बनाया गया। विमल मोदी कानूनी सलाहकार होंगे। पूर्व अध्यक्ष संजय वगरिया सहित कई वरिष्ठ सदस्यों को सलाहकार नियुक्त किया गया। तीन दिवसीय महोत्सव 8 अप्रैल से शुरू होगा। पहले दिन महिला प्रकोष्ठ द्वारा गुमान जी मंदिर में शाम 7:30 बजे से डांडिया रास का आयोजन किया जाएगा। 9 अप्रैल को सुबह 8 बजे से नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप होगा। इसी दिन रक्तदान शिविर भी लगेगा।
शाम 5 बजे शंखेश्वर पार्श्वनाथ मंदिर से भव्य वाहन रैली निकलेगी। यह रैली कंठाल गोशाला, निचला बाजार, लोहार गली होते हुए जैन बोर्डिंग पहुंचेगी। 10 अप्रैल को सुबह 5 बजे मंगल प्रभात फेरी निकाली जाएगी। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 10 अप्रैल को सुबह 9 बजे निकलने वाली शोभायात्रा होगी। इसमें ऊंट, घोड़े, सजी हुई गाड़ियां और झांकियां शामिल होंगी। अहिंसा का संदेश देती महिला मंडल और स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
