Aapka Rajasthan

महाशिवरात्रि के एक दिन पहले दीपनाथ महादेव मंदिर में हुई हल्दी की रसम, देखने के लिए उमड़ा जान सैलाब

 
महाशिवरात्रि के एक दिन पहले दीपनाथ महादेव मंदिर में हुई हल्दी की रसम, देखने के लिए उमड़ा जान सैलाब 

प्रतापगढ़ न्यूज़ डेस्क - महाशिवरात्रि के पावन अवसर से पूर्व रविवार की रात दीपनाथ महादेव मंदिर में हल्दी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धा व भक्ति के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु जुटे।हल्दी, दूध व गंगाजल से महादेव का अभिषेक कर शिव कृपा की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन गूंजते रहे और भक्तों ने शिव आराधना में डूबकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। हल्दी महोत्सव के अगले दिन मेहंदी महोत्सव का आयोजन होगा और उसके बाद भस्मी अभिषेक का आयोजन होगा। तीन दिवसीय इस आयोजन के बाद 26 फरवरी को शिवरात्रि के दिन भगवान दीपनाथ की शाही सवारी निकाली जाएगी।

हल्दी महोत्सव भगवान शिव व माता पार्वती के विवाह की परंपरा से जुड़ा है। मान्यता है कि शिवरात्रि से पूर्व भगवान शिव का हल्दी अभिषेक करने से भक्तों को विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसी मान्यता के साथ रविवार की रात दीपनाथ महादेव मंदिर में भक्तों ने महादेव की प्रतिमा का हल्दी, केसर और चंदन से अभिषेक किया। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की, जिसमें शिव भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। स्थानीय भजन मंडलियों ने शिव विवाह, तांडव और भक्ति पर आधारित भजन प्रस्तुत कर लोगों को शिव भक्ति में सराबोर कर दिया। मां अंबिका राज राजेश्वरी भक्त मंडल द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी भक्तों के उत्साह और भक्ति का प्रतीक बन गई है। 23 फरवरी से शुरू हुई यह भव्य प्रभात फेरी प्रतिदिन सुबह 5:45 बजे राज राजेश्वरी मंदिर से निकाली जा रही है, इसमें सैकड़ों भक्त हिस्सा ले रहे हैं।

मंगलवार की सुबह शुरू हुई प्रभात फेरी में भक्तों ने हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्रभात फेरी राज राजेश्वरी मंदिर से शुरू हुई, जो गोपालगंज, लोहार गली, सदर बाजार, गांधी चौराहा सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंची। रास्ते भर भक्तगण शिव भजन गाते रहे, जिससे पूरा शहर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। गांधी चौराहे पर भक्त मंडल द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान भक्त मंडल द्वारा प्रसाद का वितरण भी किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। गौरतलब है कि महाशिवरात्रि पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए भक्त मंडल द्वारा 26 फरवरी तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है और शहरवासी इस धार्मिक यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। श्रद्धालुओं के अनुसार इस आयोजन से उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिल रही है। जैसे-जैसे शिवरात्रि पर्व नजदीक आ रहा है, श्रद्धालुओं में भक्ति का माहौल और भी प्रगाढ़ होता जा रहा है। महादेव के अभिषेक के बाद मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर इस आयोजन से भक्तों में भक्ति और सेवा की भावना प्रबल हुई। सोमवार की रात मेहंदी और मंगलवार को भस्म अभिषेक का आयोजन होगा तथा बुधवार को शिवरात्रि के दिन बाबा दीपनाथ की शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंदिर समिति के अनुसार इस वर्ष शिवरात्रि पर विशेष रुद्राभिषेक, महाआरती और जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से शिव भक्तों के आने की संभावना है।