Aapka Rajasthan

Pali जिले में बरसात से मौसम हुआ सुहावना, बढ़ी उमस

 
Pali जिले में बरसात से मौसम हुआ सुहावना, बढ़ी उमस
पाली न्यूज़ डेस्क, पाली जिले में प्री-मानसून ने सोमवार को दस्तक दी। जिले के अरावली की वादियों की तलहटी में बसे गोडवाड़ क्षेत्र में सुबह ही कई जगह पर मेघों ने पानी बरसाया। वहीं शाम होने तक जिले के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बरसात से मौसम सुहावना हो गया। पाली शहर में पूरे दिन सूर्य देव बादलों के पीछे रहे। जिले व आस-पास के गांवों में शाम को तेज हवा चली। इसके बाद बरसात का दौर शुरू हुआ। इससे उमस बढ़ गई। जिले में अधिकतम तापमान गिरकर 38.8 डिग्री पर पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, प्री-मानसून की बरसात ने ही शहर के पानी निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कई क्षेत्रों में पानी का भराव हो गया। इससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम केन्द्र के अनुसार दक्षिणी व दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा, जोधपुर व अजमेर संभाग के कुछ भागों मानसून पूर्व की गतिविधियां आगामी दिनों में जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 27 जून से मेघगर्जन-बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा 27-28 जून को कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।

बढ़ सकता है तापमान

जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावटी क्षेत्र के कुछ भागों में अधिकतम तापमान में आगामी 72 घंटों के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। हीटवेव दर्ज होने की प्रबल संभावना है।

मेघ गर्जन व वज्रपात की संभावना

मौसम केन्द्र जयपुर की ओर से पाली, जालोर व सिरोही जिले में आने वाले दिनों में मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पाली व सिरोही जिले में 28 जून तक ये स्थितियां रह सकती है। वहीं जालोर जिले में 27 जून तक यलो अलर्ट है। उधर, बादलों की आवाजाही व बरसात की संभावना के चलते मौसम केन्द्र की ओर से तापमान में गिरावट आने की भी संभावना जताई गई है। पाली जिले का तापमान गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। वहीं जालोर व सिरोही में तापमान 38-39 डिग्री तक रह सकता है।