'खुशबू बनकर जो महकती थी, अब सिर्फ यादों में रह गई...' प्लेन क्रैश मे बहू की मौत पर फूटा खुशबू राजपुरोहित के ससुर का दर्द
विमान हादसे के बाद राजस्थान के पाली के जवाहर नगर में खुशबू राजपुरोहित के ससुराल में मातम पसरा हुआ है। अहमदाबाद जाते समय तबीयत खराब होने पर गुंदोज से पाली लौटे खुशबू के ससुर गजेंद्र सिंह की आंखों में आंसू हैं। वे बार-बार कह रहे हैं कि मैंने खुशबू से कहा था कि अभी उसे लंदन मत ले जाना, लेकिन बच्चों की खुशी के कारण उसे भेज दिया और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खुशबू के आने से खुशियों से भरा घर अब मातम से भर गया है। अहमदाबाद से खुशबू का शव आने पर हम गांव में उसका अंतिम संस्कार कर उसे अंतिम विदाई देंगे।
जब विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, विपुल काम पर थे
पाली में रहने वाले खुशबू के पति विपुल राजपुरोहित उस समय काम पर गए हुए थे, जब उनकी पत्नी खुशबू की विमान दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही विपुल ईस्ट लंदन स्थित अपने फ्लैट पर पहुंचे। विपुल के मित्र केतन राजपुरोहित, मुकेश राजपुरोहित, भवानी राजपुरोहित, दिनेश राजपुरोहित आदि भी वहां पहुंचे और विपुल को सांत्वना दी।
उनके मित्र मितेश राजपुरोहित ने बताया कि वे अपने दो मित्रों हनवंत सिंह राजपुरोहित बड़वा, भंवर सिंह राजपुरोहित सकराना के साथ डेढ़ घंटे कार चलाकर विपुल के पास पहुंचे और उसे सांत्वना दी। मित्र केतन ने विपुल के लिए दिल्ली का टिकट बुक कराया और रात को वे अपने मित्रों के साथ उसे एयरपोर्ट छोड़ने गए।विपुल मस्कट होते हुए विमान से दिल्ली पहुंचे और वहां से पाली के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने बताया कि वे अहमदाबाद नहीं जाएंगे। अहमदाबाद में खुशबू के पिता का डीएनए लिया गया, ताकि खुशबू के शव का पता लगाकर उन्हें सौंपा जा सके। खुशबू के पिता के साथ उनके देवर यशपाल राजपुरोहित और परिजन बाबू सिंह राजपुरोहित भी वहां मौजूद हैं।
अहमदाबाद से पहली बार फ्लाइट
खुशबू के ससुर गजेंद्र सिंह ने बताया कि यह पहली बार है जब खुशबू को अहमदाबाद से लंदन फ्लाइट से भेजा गया है। इससे पहले विपुल जब लंदन जाता था या आता था तो वह दिल्ली से ही फ्लाइट पकड़ता था। खुशबू पहली बार लंदन जा रही थी और वह अहमदाबाद से लंदन जा रही थी और यह भयानक हादसा हो गया। इससे सभी दुखी हैं।मीतेश ने बताया कि केतन की पत्नी भी खुशबू के साथ लंदन आने वाली थी, लेकिन खुशबू के पास कोई पारिवारिक समारोह था और वह दो दिन पहले ही वहां से निकलकर लंदन आ गई। खुशबू के लंदन आने की वजह से विपुल नए फ्लैट में शिफ्ट हो गया था। केतन ने भी उसके पास ही फ्लैट ले लिया था।
