लाइट-कैमरा-एक्शन! राजस्थान के इस जिले में बनेगी देश की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म सिटी, 500 करोड़ रूपए में बनकर होगी तैयार
पाली न्यूज़ डेस्क - सुमेरपुर के पास जवाई बांध क्षेत्र में राजस्थान की पहली फिल्म सिटी बनने जा रही है। 500 करोड़ की लागत से 152 एकड़ में फिल्मों की शूटिंग के लिए सेटअप तैयार किया जाएगा। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने फिल्म सिटी के लिए उद्योगपति को जमीन आवंटित कर कब्जा दे दिया है। दावा किया जा रहा है कि हैदराबाद के रामोजी और मुंबई के बाद यह देश की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म सिटी होगी। राजस्थान में फिल्म सिटी बनने के बाद स्थानीय निर्माताओं को फिल्म और डॉक्यूमेंट्री निर्माण के लिए मुंबई या अन्य शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। अब जवाई के जंगलों में गूंजेगा
लाइट...कैमरा...एक्शन
पाली में सुमेरपुर के पास कोलीवाड़ा रोड पर फिल्म सिटी को आकार दिया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद यहां फिल्मों का निर्माण शुरू हो जाएगा और लाइट...कैमरा...एक्शन की गूंज गूंजेगी। फिल्म सिटी में शहर और गांव की लोकेशन बनाई जाएंगी। जिसमें स्टूडियो, एकेडमी, खेल केंद्र आदि होंगे। एक जंगल तैयार किया जाएगा, जिसमें प्राकृतिक लैंडस्केपिंग जैसे कई खूबसूरत नजारे होंगे। वर्ष 2016 में उद्योगपति ने भूमि आवंटन के लिए सरकार को आवेदन किया था। वर्ष 2022 में सरकार ने भूमि आवंटित कर दी, लेकिन मौके पर अतिक्रमण था। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर भूमि उद्योगपति को सौंप दी है।
इसलिए चुना गया यह स्थान
* मारवाड़ और मेवाड़ यानी जोधपुर और उदयपुर बीच में हैं।
* जवाई बांध के आसपास का पूरा क्षेत्र प्राकृतिक है। यहां घना जंगल और वन्यजीवों की बहुतायत है।
* कुंभलगढ़, रणकपुर, घाणेराव और नारलाई जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल नजदीक हैं।
* यह सड़क और रेल मार्ग से जुड़ा हुआ है। फिल्म सिटी से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
* आउटडोर शूटिंग के लिए नजदीक में कई महत्वपूर्ण स्थान हैं।
* जोधपुर-उदयपुर एयरपोर्ट डेढ़ सौ किलोमीटर की दूरी पर हैं।
* जवाई बांध से काफी रेलगाड़ियां चलती हैं। सुमेरपुर से अहमदाबाद-मुंबई-जयपुर हाईवे शुरू होता है।
ये फायदे
* राजस्थानी संस्कृति और पर्यटन को दुनिया में पहचान मिलेगी।
* स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
*फिल्मी सितारों के आने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
* राजस्थान के शौर्य और पराक्रम से जुड़ी कहानियों पर भी फिल्में बनाई जा सकेंगी।
सुंदर होगी फिल्म सिटी
राजस्थान में इससे बेहतर कोई जगह नहीं है। यह मारवाड़ और मेवाड़ के बीच की खिड़की है। यहां से रेल और सड़क संपर्क बेहतर है। प्राकृतिक सौंदर्य अद्भुत है। आउटडोर शूटिंग के लिए आसपास कई बेहतरीन जगहें हैं। फिल्म सिटी के लिए काम शुरू हो गया है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने पूरा सहयोग दिया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। हमारा प्रयास अगले तीन साल में इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने का रहेगा।
