योगी आदित्यनाथ जहां से लड़ेंगे, प्रचंड बहुमत से जीतेंगे; अखिलेश अपनी चिंता करें : धर्मपाल सिंह
लखनऊ, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा अयोध्या सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव लड़ने की चुनौती देने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जहां से भी लड़ेंगे, जीत हासिल करेंगे।
मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव की सोच बहुत छोटी है। भाजपा राष्ट्रीय राजनीतिक दल है। योगी आदित्यनाथ को भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जहां से चुनाव लड़ने को कहेगी, योगी वहां से चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश यादव की पार्टी परिवार की है, जहां चाहें वहां लड़ें। योगी आदित्यनाथ जहां चाहें वहां नहीं लड़ सकते, जहां पार्टी कहेगी वहां लड़ेंगे और प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। मैं दावे के साथ कह रहा हूं। सपा मुखिया को अपने बारे में सोचना चाहिए।
जेवर एयरपोर्टका नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए बहुत सौभाग्य का दिन है। नरेंद्र मोदी काशी से सांसद हैं और उन्होंने सच में अयोध्या का राम मंदिर ही नहीं, जितने भी टूटे मंदिर थे, उनका निर्माण कराया है। उन्होंने कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और 'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना को साकार करने का काम किया है। ऐसे में नरेंद्र मोदी के नाम का एयरपोर्ट भारत का गौरव बढ़ाने का काम करेगा। उत्तर प्रदेश की जनता बहुत खुशी अनुभव करती है कि मोदी के नाम से जेवर एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया।
दूसरी ओर, भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश पोखरियाल निशंक ने पीएम मोदी के कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सत्ता में आने के बाद दिव्यांगजनों के आत्म-सम्मान, आत्मविश्वास और सम्मान में जिस तरह से बढ़ोतरी हुई है, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। आज मुझे खुशी है कि काशी की इस पवित्र भूमि पर प्रमुख राज्यों के दिव्यांगजनों के लिए 'सेवा संकल्प' ट्रॉफी का हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उद्घाटन और अनावरण किया। मैं देख रहा हूं कि छह राज्यों से आए दिव्यांग प्रतिभागी कितने खुश हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में शिखर पर पहुंच रहा है।
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें गंभीरता से कोई नहीं लेता है। कांग्रेस देश से खत्म हो रही है, और कांग्रेस की स्थिति बुझी हुई लौ की तरह है। निशंक ने कहा कि राहुल गांधी को पता नहीं है कि वे क्या बोल जाते हैंं, देश की जनता उनके बयानों पर ध्यान नहीं देती है।
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले सीजेपी के प्रोटेस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि कुछ न कुछ होता रहता है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं शिक्षा मंत्री रहा हूं और पूर्व में सीएम भी, आज का युवा बहुत समझदार है और वह पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ है।
इसी बीच, आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार गोपी कृष्ण पांडे ने कहा कि हम इस जिम्मेदारी को पूरा करेंगे। हमारी शीर्ष लीडरशिप ने हम पर जो भरोसा जताया है, हम सभी सांसद उस काम को पूरा करने में पूरी तरह सक्षम हैं। हमारे लिए, जिस दिन एक चुनाव खत्म होता है, ठीक उसके अगले ही दिन से अगला चुनाव शुरू हो जाता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
