'योग कीजिए, निरोगी रहिए', अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फिल्मी हस्तियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
बेंगलुरु/मुंबई, 21 जून (आईएएनएस)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों, युवाओं, बुजुर्गों और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। बेंगलुरु और मुंबई में आयोजित कार्यक्रमों में फिल्म जगत की कई हस्तियों ने भी हिस्सा लिया और योग को जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
बेंगलुरु में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में टॉलीवुड अभिनेत्री करुण्या गौड़ा ने कहा, "मुझे इस योग कार्यक्रम का हिस्सा बनने और भारतीय नागरिक होने पर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। योग की शुरुआत लगभग 5,000 साल पहले हुई थी। स्वामी विवेकानंद ने इसे दुनिया भर में पहचान दिलाई थी। इंटरनेशनल योग डे का यह 12वां एडिशन है, इसे बेंगलुरु में बीजेपी पार्टी ऑफिस के सामने मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में स्टूडेंट्स, बड़े-बुजुर्ग और हमारी तरह जेन-जी के युवा बड़ी संख्या में हिस्सा ले रहे हैं। हर कोई इस सेलिब्रेशन का हिस्सा है और लोगों में इतना उत्साह देखकर अच्छा लग रहा है, क्योंकि हाल के समय में बहुत सारे लोग जिम जाने के प्रति ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं।"
उन्होंने अपने रोजमर्रा के जीवन में योग की भूमिका के बारे में बताया और कहा, "मैं रोज सुबह 20 मिनट और रात को सोने से पहले 20 मिनट मेडिटेशन करती हूं। यह मेरे लिए अनिवार्य है। मैं लगभग 20 बार सूर्य नमस्कार भी करती हूं। मुझे जिम जाना ज्यादा पसंद नहीं है। अगर आप मुझसे पूछें, तो इंडस्ट्री में एक दशक से ज्यादा समय बिताने के बावजूद ऐसा कोई साल नहीं रहा, जब मैं रेगुलर जिम गई हूं, लेकिन योग रोजाना करती हूं, इसलिए मैं गर्व से कह सकती हूं कि मैंने योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया है।"
वहीं, योग दिवस के मौके पर मुंबई में एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें दिवंगत किसानों के 1,000 से ज्यादा बच्चों और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) स्कूलों के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और अभिनेता जैकी श्रॉफ ने योगाभ्यास किया। साथ ही फिटनेस, स्वास्थ्य और योग को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में शाहिद कपूर भी शामिल हुए।
इस अवसर पर अमृता फडणवीस ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, "योग कीजिए, निरोगी रहिए। आज का युवा बेहद स्मार्ट है।" वहीं नीट परीक्षा को लेकर उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं दी।
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। हाथ में पौधा लेकर उन्होंने कहा, "गहरी सांस लें और इसे (पौधा) लगाएं।" उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर युवाओं को संदेश दिया और कहा कि वो पीएम मोदी की सेहत को देखें और उनसे सीखें। वह सिर्फ 3 घंटे सोते हैं और एक्टिव रहते हैं।"
कार्यक्रम में मौजूद अभिनेता शाहिद कपूर ने भी योग के महत्व को लेकर कहा, "यह एक बहुत अच्छी पहल है और यहां बड़ी संख्या में बच्चे योग कर रहे हैं। मेरा मानना है कि योग हमारी विरासत और संस्कृति का हिस्सा है। मैंने कई बार योग किया है और मुझे लगता है कि यह मन, शरीर और आत्मा को जोड़ता है। यह आपके शरीर को लचीला और मजबूत बनाता है। योग करने से आपके अंदरूनी अंग भी सक्रिय होते हैं।"
--आईएएनएस
पीके/पीएम
