यमुना में अब भी झाग और गंदगी का अंबार, ‘आप’ ने मनोज तिवारी को फिर डुबकी लगाने की दी चुनौती
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली में यमुना की सफाई को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी ने यमुना को साफ करने के भाजपा के दावों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि नदी में आज भी बड़े पैमाने पर झाग और गंदगी मौजूद है। पार्टी के नेताओं ने यमुना के अलग-अलग घाटों की स्थिति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और सांसद मनोज तिवारी को एक बार फिर यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी।
आप नेताओं ने कहा कि भाजपा ने यमुना को साफ करने का दावा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। शुक्रवार को कोंडली से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार यमुना नदी का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने नदी की स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यमुना में चारों तरफ झाग और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। वीडियो में नदी के पानी में झाग दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झाग को खत्म करने के लिए पानी में लगातार केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। कुलदीप कुमार ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चुनौती देते हुए कहा कि यदि यमुना वास्तव में साफ हो चुकी है तो वे यहां आकर नदी में डुबकी लगाकर दिखाएं। कुलदीप कुमार ने कहा कि करीब 10 दिन बाद छठ पूजा का पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुना के घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं और नदी में उतरकर धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।
भाजपा ने दावा किया था कि यमुना को साफ कर दिया गया है, लेकिन मौजूदा स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार इस बार भी छठ व्रतियों को गंदे पानी में उतरने के लिए मजबूर करेगी? आप विधायक ने आरोप लगाया कि यमुना में सीवर का पानी गिर रहा है और नदी में झाग की मोटी परत दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता पहले यमुना को साफ होने का दावा कर रहे थे, लेकिन अब नदी की वास्तविक स्थिति सामने आ रही है।
कुलदीप कुमार ने कहा कि भाजपा यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती कि उसे सत्ता में आए केवल दो साल हुए हैं, क्योंकि यमुना साफ होने का दावा खुद भाजपा ने किया था।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी यमुना की सफाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा को कालिंदी कुंज घाट पर आमंत्रित करते हुए कहा कि दोनों नेता वहां पहुंचकर यमुना में डुबकी लगाएं और पानी पीकर दिखाएं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पर भी निशाना साधा।
सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि यदि मनोज तिवारी और किरेन रिजिजू के बीच कालिंदी कुंज के पास यमुना में तैराकी की प्रतियोगिता आयोजित होती है तो इसे दुनिया याद रखेगी। उनका कहना था कि भाजपा नेताओं को यमुना की वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए केवल बयानबाजी करने के बजाय खुद नदी में उतरना चाहिए।
वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर उन्हें घेरने की कोशिश की। उन्होंने 9 नवंबर 2021 को मनोज तिवारी के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किए गए एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि उस समय मनोज तिवारी सोनिया विहार में यमुना के पानी को साफ बता रहे थे।
संजीव झा ने सवाल उठाया कि जब मनोज तिवारी पहले ही सोनिया विहार में यमुना के पानी को साफ बता चुके हैं तो अब उसी जगह डुबकी लगाकर सफाई का प्रदर्शन किसे दिखाने की कोशिश कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि मनोज तिवारी को अपना पुराना वीडियो देखना चाहिए, ताकि उन्हें अपने पहले के बयानों की याद आ सके।
संजीव झा ने 8 नवंबर 2021 का एक अन्य वीडियो भी साझा किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो भी उस समय का है, जब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार थी। उस दौरान मनोज तिवारी खुद सोनिया विहार में यमुना के पानी को साफ बता रहे थे। संजीव झा ने कहा कि दिल्ली के लोग मनोज तिवारी का पुराना वीडियो और उनका मौजूदा राजनीतिक प्रदर्शन दोनों देख रहे हैं। जनता की याददाश्त इतनी कमजोर नहीं है कि वह पुराने बयानों को भूल जाए।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
