यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से घटेगी वाहनों की रफ्तार, 75 किमी प्रति घंटे होगी अधिकतम गति सीमा
ग्रेटर नोएडा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही कोहरे और धुंध का असर दिखने लगा है। इसे देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने वाहनों की गति सीमा कम करने का निर्णय लिया है। यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से 15 फरवरी 2027 तक वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाएगी।
इस संबंध में प्राधिकरण की ओर से एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही कोहरे के दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए कई अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, सर्दियों के मौसम में यमुना एक्सप्रेसवे पर घना कोहरा और धुंध छाने के कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ जाती है। पूर्व में भी 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक सर्दियों के दौरान वाहनों की गति सीमा कम की जाती रही है। इस बार मौसम में बदलाव और कोहरे की शुरुआत को देखते हुए 25 नवंबर से ही नई गति सीमा लागू करने का फैसला किया गया है।
उत्तर प्रदेश के अन्य एक्सप्रेसवे पर भी कोहरे के मद्देनजर गति सीमा कम की गई है। प्राधिकरण ने जेपी इंफ्राटेक को निर्देश दिए हैं कि 75 किलोमीटर प्रति घंटे की नई गति सीमा से संबंधित बोर्ड एक्सप्रेसवे पर प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं। इसके अलावा समाचार पत्रों के माध्यम से भी वाहन चालकों को इस बदलाव की जानकारी दी जाएगी, ताकि एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने से पहले ही वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा के बारे में पता चल सके।
नियमों का पालन कराने के साथ ही कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्राधिकरण ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत यमुना एक्सप्रेसवे के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट, टोल प्लाजा तथा रोड साइड फैसिलिटी पर सुरक्षित यात्रा से संबंधित पंपलेट वितरित किए जाएंगे। इन पंफलेट में कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।
टोल प्लाजा पर लगे पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम के माध्यम से भी लगातार घोषणाएं कराई जाएंगी। इसके अलावा रेडियो एफएम के जरिए ठंड के मौसम में कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के निर्देश प्रसारित किए जाएंगे। एक्सप्रेसवे पर बड़े-बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाकर भी वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण कमी को भी दूर करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के संज्ञान में आया है कि एक्सप्रेसवे पर लगे कई रिफ्लेक्टिव टेप और साइन बोर्ड की चमक काफी कम हो गई है। इससे रात के समय और कोहरे में वाहन चालकों को सड़क की दिशा और आसपास लगे संकेतकों को देखने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए एक्सप्रेसवे पर तत्काल नए रिफ्लेक्टिव टेप लगाने और खराब हो चुके रिफ्लेक्शन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही एक्सप्रेसवे के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर फॉग लाइट लगाने को कहा गया है, जिससे कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को रास्ता पहचानने में मदद मिल सके। शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहता है। ऐसे में टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार और टोल टैक्स भुगतान से जुड़ी समस्याओं को रोकने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था करने को कहा गया है।
कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि इन दिनों टोल बूथ पर पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए, जिससे वाहन चालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु बना रहे। यीडा ने कंपनी को स्पष्ट किया है कि कोहरे और धुंध के दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पहले जारी किए गए सभी निर्देशों का भी समय-समय पर पालन सुनिश्चित कराया जाए।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी
