यहां दंगाइयों का होता है उपचार, लॉ-लेस लैंड से लैंड ऑफ लॉ बना यूपी : सीएम योगी
लखनऊ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी दंगों की आग में झुलसता था और जहां अपराधियों के हौसले बुलंद थे, आज कानून के राज यानी ‘रूल ऑफ लॉ’ के लिए जाना जाता है। प्रदेश में अराजकता और अपराध का दौर समाप्त हुआ है। आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है, न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइंस में एनएसजी और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि आज पूरा देश यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर गर्व करता है। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि समय के साथ दुश्मन ने अपने तरीके बदले हैं। आज दुश्मन अदृश्य मोर्चे से वार कर रहा है। हवाला नेटवर्क, फेक करेंसी, अवैध कन्वर्जन, साइबर क्राइम और क्रिप्टो करेंसी के जरिए समाज के भीतर से पूरी व्यवस्था को खोखला करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यूपी पुलिस और एटीएस के जांबाजों ने हर ऐसी अदृश्य साजिश को बेनकाब किया है। आज एटीएस की 21 फील्ड यूनिट पूरे प्रदेश में तैनात हैं और 10 नई फील्ड यूनिट खड़ी करके सुरक्षा का अभेद्य किला बनाया गया है। एटीएस के पास अवैध धर्मांतरण सेल, क्रिप्टो एनालिसिस विंग और साइबर ऑप्स टीम मौजूद है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे। आज प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है और यह लॉलेस लैंड से लैंड ऑफ लॉ बन गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था के साथ ही पुलिस बजट को तीन से चार गुना किया गया है। साइबर थाने दो से बढ़ाकर 75 जनपदों तक ले जाए गए हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पीआरवी 112 का रिस्पॉन्स टाइम 65 मिनट से घटाकर 5 से 7 मिनट किया गया है। इसके अलावा 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त या ध्वस्त की गई है, जिससे प्रदेश में डकैती और लूट में भारी कमी आई है। कार्यक्रम के दौरान एनएसजी और एटीएस के दक्ष कमांडो ने आतंकवादी हमलों, बंधकों को मुक्त कराने, विस्फोटकों को निष्क्रिय करने और वीआईपी सुरक्षा जैसे चुनौतीपूर्ण अभियानों का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर से उतरकर ऑपरेशन को अंजाम देने की वर्टिकल एनवेलपमेंट तकनीक की लाइव ड्रिल भी की गई। साथ ही काफिले के गुजरने के दौरान विस्फोट होने पर वीआईपी को सुरक्षित निकालने का जीवंत प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एनएसजी की के9 यूनिट का एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग 'डॉनी' रहा, जिसने मुख्यमंत्री को पुष्पों की टोकरी भेंटकर उनका अभिनंदन किया। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित यह कार्यक्रम राज्य पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और तैयारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।
एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएसजी के विशेषज्ञ प्रशिक्षक यूपी के चयनित जवानों को आतंकवाद निरोध, विमान अपहरण निरोध और ड्रोन निरोध समेत 13 विशेष पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने अयोध्या में एनएसजी टास्क फोर्स के लिए 8 एकड़ और मिल्कीपुर में एनएसजी केंद्र के लिए 65 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री योगी का आभार जताया।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में पुलिस आधुनिकीकरण और क्षमता संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जटिल सुरक्षा परिस्थिति में सफलता का आधार केवल संख्या बल नहीं, बल्कि प्रशिक्षण, आपसी समन्वय और पूर्ण तैयारी है। वहीं, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन ने कहा कि एक माह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनएसजी के विशेषज्ञ प्रशिक्षक यूपी के जवानों को आतंकवाद और विमान अपहरण निरोध समेत 13 विशेष पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षित करेंगे।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
