Aapka Rajasthan

यादों की जंग, रिश्तों का संगम, रिलीज हुआ फिल्म 'सितंबर 21' का ट्रेलर

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा में कई ऐसी फिल्में आती हैं, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज के गंभीर मुद्दों पर भी फोकस करती हैं । इसी कड़ी में मंगलवार को अल्जाइमर पर आधारित फिल्म 'सितंबर 21' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
 
यादों की जंग, रिश्तों का संगम, रिलीज हुआ फिल्म 'सितंबर 21' का ट्रेलर

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा में कई ऐसी फिल्में आती हैं, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज के गंभीर मुद्दों पर भी फोकस करती हैं । इसी कड़ी में मंगलवार को अल्जाइमर पर आधारित फिल्म 'सितंबर 21' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।

हिंदी-कन्नड़ भाषाओं में बनी फिल्म 'अल्जाइमर' जैसी गंभीर बीमारी और उसके कारण परिवारों पर पड़ने वाले असर को बेहद संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारती है।

2 मिनट 26 सेकंड का यह ट्रेलर दर्शकों को एक भावनात्मक सफर पर ले जाता है। ट्रेलर अल्जाइमर से पीड़ित एक पिता और उनके बेटे के टूटे हुए रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमता है, जो मनोभ्रंश और देखभाल करने वालों के संघर्ष को दर्शाता है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे एक पिता अल्जाइमर (भूलने की बीमारी) और डिमेंशिया (मनोभ्रंश) से जूझ रहा है। वहीं दूसरी ओर उसका बेटा है, जो अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और पिता के प्रति अपनी जिम्मेदारी के बीच बुरी तरह फंसा हुआ है।

निर्देशक करेन क्षिति सुवर्णा ने फिल्म के जरिए अल्जाइमर से पीड़ित मरीजों के संघर्ष समेत 'केयरगिवर्स' (देखभाल करने वालों) के संघर्षों पर भी जोर दिया है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। इस फिल्म में दिखाया जाएगा कि एक मरीज की सेवा करते समय देखभाल करने वाले व्यक्ति को किन मानसिक और शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, ट्रेलर में इसकी एक प्रभावशाली झलक मिलती है।

इस फिल्म में प्रवीण सिंह सिसोदिया अल्जाइमर से पीड़ित पिता की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा, फिल्म में प्रवीण सिंह सिसोदिया, प्रियंका उपेंद्र, जरीना वहाब, अजित शिधाये और अमित बहल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं।

करेन क्षिति सुवर्णा के निर्देशन में बनी इस हिंदी-कन्नड़ फिल्म 'सितंबर 21' का विश्व प्रीमियर 16 मई 2026 को प्रतिष्ठित 79वें कान्स फिल्म महोत्सव के 'मार्चे डू फिल्म' सेक्शन में पैलेस थिएटर में होगा।

फिल्म की कहानी राजशेखर ने लिखी है और संगीत विनय चंद्र ने दिया है। विसिका फिल्म्स, एफएमडी प्रोडक्शन्स, हमारा मूवी फिल्म्समैक्स के सहयोग में बनी फिल्म 'सितंबर 21' 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम