Aapka Rajasthan

वुहान ओपन के फाइनल में पहुंचकर सोने कार्तल ने रचा इतिहास, ओस्टापेंको को दी शिकस्त

वुहान, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटिश टेनिस स्टार सोने कार्तल ने वुहान ओपन के सेमीफाइनल में येलेना ओस्टापेंको को हराकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही वह अपने करियर में पहली बार डब्ल्यूटीए मास्टर्स 1000 के फाइनल में पहुंच गई हैं।
 

वुहान, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटिश टेनिस स्टार सोने कार्तल ने वुहान ओपन के सेमीफाइनल में येलेना ओस्टापेंको को हराकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही वह अपने करियर में पहली बार डब्ल्यूटीए मास्टर्स 1000 के फाइनल में पहुंच गई हैं।

वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 170वें नंबर पर मौजूद कार्तल, 2009 में इस फॉर्मेट की शुरुआत के बाद से डब्ल्यूटीए 1000 फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम रैंकिंग वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने दो घंटे 12 मिनट तक चले मुकाबले में ओस्टापेंको को 7-6 (11-9), 7-6 (7-5) से हराया और इस दौरान कई सेट प्वाइंट्स भी बचाए।

पीठ की चोट के कारण छह महीने तक खेल से दूर रहने के बाद, कार्तल का यह केवल तीसरा टूर्नामेंट है। जीत के बाद कार्तल ने कहा, "यह मेरे द्वारा खेले गए सबसे कठिन मैचों में से एक था। मुझे अच्छे से पता था कि वह किस तरह का खेल दिखाएंगी। कभी-कभी उनका सामना करना नामुमकिन सा हो जाता है, लेकिन ऐसे समय में आपको बस डटे रहना होता है। मानसिक रूप से यह मेरे करियर के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है, और मुझे इस पर बहुत गर्व है। चोट लगने से पहले ही मैं इस मैच को खेलने का सपना देख रही थी। अपनी वापसी के तीसरे ही टूर्नामेंट में यहां तक पहुंचना मेरे लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। अब मैं रिकवर करूंगी और कल के मैच के हर पल का आनंद लूंगी।"

चोट से उबरने के बाद वह पिछले महीने बिली जीन किंग कप फाइनल में लौटी थीं। 24 वर्षीय खिलाड़ी ने इस महीने की शुरुआत में चाइना ओपन के तीसरे राउंड तक जगह बनाई थी। वुहान में फाइनल तक पहुंचने की बदौलत कार्तल डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 150 स्थान ऊपर चढ़कर टॉप 50 में शामिल हो जाएंगी। इसके साथ ही वह टॉप रैंक वाली ब्रिटिश खिलाड़ी बन जाएंगी।

वुहान में कार्तल ने पहले राउंड में दुनिया की 48वें नंबर की खिलाड़ी एंहेलिना कलिनिना को हराया, फिर राउंड ऑफ 32 में 12वें नंबर की बेलिंडा बेनसिक को मात दी। इसके बाद उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रेंच ओपन और विंबलडन की पूर्व फाइनलिस्ट जैस्मीन पाओलिनी को हराया, और क्वार्टर फाइनल में चार बार ग्रैंड स्लैम के सेमीफाइनल तक पहुंचने वालीं स्वितोलिना को भी शिकस्त दी। फाइनल में उनका मुकाबला इगा स्वियातेक या माजा चवालिनस्का में से किसी एक से होगा।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम