Aapka Rajasthan

डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल: वेस्टइंडीज का 2025-27 चक्र समाप्त, बांग्लादेश के खिलाफ ड्रॉ के बाद 8वें स्थान पर रही टीम

सिलहट, 9 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को ड्रॉ करते हुए सीरीज 1-0 से अपने नाम की। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच के साथ कैरेबियन टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 चक्र भी पूरा कर लिया।
 

सिलहट, 9 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को ड्रॉ करते हुए सीरीज 1-0 से अपने नाम की। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच के साथ कैरेबियन टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 चक्र भी पूरा कर लिया।

सिलहट में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में आमिर जंगू (133) की शतकीय पारी की मदद से 356 रन बनाए। इसके जवाब में बांग्लादेश ने तौहीद हिरदॉय (नाबाद 242) के दोहरे शतक की मदद से 386 रन बनाकर 30 रन की मामूली बढ़त हासिल की।

वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी 398/6 के स्कोर पर घोषित करते हुए मेजबान टीम को जीत के लिए 369 रन का टारगेट दिया, जिसके जवाब में बांग्लादेश दिन के अंत तक 4 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी और मैच ड्रॉ रहा।

वेस्टइंडीज ने 27.38 प्रतिशत अंकों (पीसीटी) के साथ इस चक्र को समाप्त किया है। वेस्टइंडीज फिलहाल 9 टीमों की प्वाइंटस टेबल में आठवें स्थान पर है। कैरेबियन टीम इस लिस्ट में श्रीलंका से थोड़ा पीछे है, जो 33.33 पीसीटी के साथ सातवें स्थान पर है।

श्रीलंकाई टीम फिलहाल अपने घर से बाहर दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज में पाकिस्तान का सामना कर रही है। अगर श्रीलंका इस चक्र में अपने ज्यादातर मैच हार जाती है, तो वेस्टइंडीज की रैंकिंग में सुधार हो सकता है। वेस्टइंडीज को अभी न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घर में दो टेस्ट और अगले साल अपने घर में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध टेस्ट सीरीज खेलनी है।

बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट के खत्म होने के बाद डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। वेस्टइंडीज का पीसीटी 26.92 से बढ़कर 27.38 हो गया है, जबकि बांग्लादेश का पीसीटी 47.62 से घटकर 45.83 रह गया है।

इससे डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की बांग्लादेश की उम्मीदों को और झटका लगा है। ये टीम न्यूजीलैंड (72.22), साउथ अफ्रीका (71.43), ऑस्ट्रेलिया (61.23) और भारत (51.51) के पीछे पांचवें स्थान पर है।

--आईएएनएस

आरएसजी