डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल: ऑस्ट्रेलिया हार के साथ तीसरे स्थान पर लुढ़का, साउथ अफ्रीका बना 'नंबर-2'
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार को केप टाउन में खेले गए टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में 176 रन से जीत हासिल की। साउथ अफ्रीका ने सीरीज 2-1 से अपने नाम करते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) प्वाइंट्स टेबल में दूसरा पायदान हासिल कर लिया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया पहले पायदान से खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
इस नतीजे से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम 75.00 पीसीटी के साथ शीर्ष पायदान पर मौजूद थी, जबकि न्यूजीलैंड (72.22 पीसीटी) दूसरे पायदान और साउथ अफ्रीका 66.67 पीसीटी के साथ तीसरे स्थान पर था।
हालांकि, इस मुकाबले के नतीजे के साथ प्वाइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव हुआ और ऑस्ट्रेलिया 13 में से 9 चार मैच गंवाने के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि साउथ अफ्रीका ने 7 में से 5 मैच जीतकर दूसरा पायदान हासिल कर लिया। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 6 मुकाबलों में 4 जीत, 1 हार और 1 ड्रॉ के बाद टॉप पर पहुंच गई है।
इससे पहले, शनिवार को एक अन्य मुकाबले में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में 8 विकेट से जीत हासिल की। बांग्लादेश की इस हार से भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) प्वाइंट्स टेबल में एक स्थान का फायदा मिला है।
इस हार के बाद बांग्लादेश डब्ल्यूटीसी स्टैंडिंग में 5वें नंबर पर खिसक गया है, जबकि भारत 5वें से चौथे स्थान पर आ गया। बांग्लादेश ने 7 में से 3 मैच जीते हैं, जबकि 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा। एक मुकाबला ड्रॉ रहा। वहीं, भारत 11 में से 5 मैच अपने नाम कर चुका है। टीम इंडिया ने 4 मैच गंवाए हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। भले ही वेस्टइंडीज (26.92 पीसीटी) अभी भी 8वें स्थान पर है, लेकिन उसने 7वें नंबर पर मौजूद श्रीलंका (33.33 पीसीटी) के करीब पहुंचना शुरू कर दिया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मैच से पहले, बांग्लादेश 55.56 प्रतिशत पीसीटी के साथ चौथे स्थान पर था। उन्होंने अपने 6 मैचों में से 3 जीते थे और एक मैच ड्रॉ रहा था। भारत 51.52 प्रतिशत पीसीटी के साथ 5वें स्थान पर था, जिसने 11 मैचों में 5 जीत और 2 ड्रॉ हासिल किए थे।
इंग्लैंड की टीम 38.54 पीसीटी के साथ छठे पायदान पर है, जबकि पाकिस्तान (4.63 पीसीटी) ने 9 में से 7 मैच गंवाए हैं। यह टीम सबसे अंतिम यानी 9वें स्थान पर है।
--आईएएनएस
आरएसजी
