डब्ल्यूपीजीटी 2026: विधात्री उर्स की शानदार वापसी, 13वें लेग में बढ़त हासिल की
गुरुग्राम, 23 सितंबर (आईएएनएस)। विधात्री उर्स ने शुरुआती तीन होल में लगातार तीन बोगी लगाने के बाद शानदार वापसी की और 3-अंडर 69 का स्कोर बनाते हुए वीमेंस प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के 13वें चरण के पहले दौर के बाद बढ़त हासिल कर ली।
गुरुग्राम के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेलते हुए विधात्री ने बाकी होल्स में सात बर्डी और सिर्फ एक और बोगी के साथ शानदार 69 का स्कोर किया।
यह एक ऐसा दिन था, जब सिर्फ दो खिलाड़ियों—विधात्री और जैस्मीन शेखर (71)—ने पार से कम स्कोर किया। वहीं, भारत की स्टार खिलाड़ी दीक्षा डागर ने मन्नत बरार के साथ इवन पार 72 का स्कोर किया। दीक्षा और मन्नत तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से रहीं। दीक्षा अगले हफ्ते एशियन गेम्स के लिए जा रही हैं।
अगले महीने होने वाले विमेंस इंडियन ओपन पर नजर रखते हुए गौरिका बिश्नोई ने 1-ओवर 73 का स्कोर किया और वाणी कपूर के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। वाणी का हीरो विमेंस इंडियन ओपन में शानदार रिकॉर्ड रहा है।
इस सीजन में जायोन हिल्स में 10वां लेग जीतने वाली विधात्री ने शुरुआती तीन होल्स में तीन बोगी से हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए बहुत हिम्मत और जज्बा दिखाया। चौथे और पांचवें होल पर लगातार बर्डी ने उन्हें थोड़ी राहत दी, लेकिन छठे होल पर एक और बोगी का मतलब था कि वह अभी भी 2-ओवर पर थीं।
इसके बाद उन्होंने वापसी की। उन्होंने आठवें और नौवें होल पर बर्डी लगाकर टर्न तक इवन पार का स्कोर हासिल किया। बैक नाइन पर वह पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलीं; उन्होंने 13वें, 15वें और 18वें होल पर बर्डी लगाई और 69 के स्कोर के साथ कोई और शॉट नहीं गंवाया।
दीक्षा ने तीसरे होल पर एक बोगी की, लेकिन पांचवें, सातवें और नौवें होल पर तीन बर्डी के साथ वह 2-अंडर पर पहुंच गईं। हालांकि, बैक नाइन पर उन्होंने एक बर्डी के मुकाबले तीन शॉट गंवा दिए। जैस्मिन ने शुरुआती नौ होल में 4-अंडर का स्कोर किया, लेकिन इसके बाद तीन बर्डी के बावजूद आखिरी दो होल में बर्डी-बोगी के साथ 71 का स्कोर बनाया और वह विधात्री से दो शॉट पीछे रहीं।
त्वेसा मलिक, नयनिका सांगा और लावण्या जाडोन ने 2-ओवर 74 का स्कोर करके संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया, जबकि रिधिमा दिलावरी, एति चौधरी, करिश्मा गोविंद, श्रेष्ठा शुक्ला और सिफत सग्गू समेत पांच खिलाड़ियों ने 3-ओवर 75 का स्कोर करके संयुक्त रूप से 10वां स्थान प्राप्त किया।
--आईएएनएस
आरएसजी
