विश्व लिवर दिवस 2026: 'अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर', बीमारियों से बचाव के लिए अपनाएं ये आदतें
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लिवर शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है, लेकिन आज की अनियमित जीवनशैली शरीर के अन्य अंगों के साथ ही लिवर को भी दिन ब दिन कमजोर करती जा रही है। हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और लिवर कैंसर जैसी गंभीर समस्याएं मुख्य रूप से खराब खान-पान, शराब, नशीली दवाओं, निष्क्रिय जीवनशैली और व्यायाम की कमी के कारण होती हैं।
शरीर के महत्वपूर्ण अंग लिवर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हर साल 19 अप्रैल को विश्व लिवर दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर स्वास्थ्य विशेषज्ञ समेत कई स्वास्थ्य संगठन लोगों को लिवर की बीमारियों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हैं।
लिवर को स्वस्थ रखने के लिए अपनाए जाने वाली आदतों से पहले ये जानना जरूरी है कि यह शरीर का एक महत्वपूर्ण अंग है। यह रक्त को छानता है, भोजन को पचाता है, ऊर्जा संग्रहित करता है और पूरे शरीर को संतुलित रखने में मदद करता है। शरीर के सभी अंगों में पुनर्जीवित होने की सबसे अधिक क्षमता लिवर में ही होती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आज दुनिया भर की लगभग एक तिहाई हिस्सा मेटाबोलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीटोटिक लिवर डिजीज (एमएएसएलडी) नामक समस्या से पीड़ित है। यह स्थिति अक्सर मोटापा, खराब आहार और गलत जीवनशैली से जुड़ी होती है। शुरू में यह बिना किसी लक्षण के रहती है, लेकिन समय के साथ लिवर में वसा जमा होकर फाइब्रोसिस, सिरोसिस और यहां तक कि लिवर कैंसर का कारण बन सकती है।
साल 2026 के विश्व लिवर दिवस की थीम “अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर” पर केंद्रित है। इसमें लिवर को स्वस्थ रखने वाली चार मुख्य आदतों पर जोर दिया गया है- संतुलित आहार, सक्रिय रहना, शराब का सेवन कम करना और नियमित जांच करवाना।
संतुलित आहार अपनाएं :- लिवर को अच्छे पोषण की जरूरत होती है। रोजाना 2-3 फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, कम वसा वाला प्रोटीन और स्वस्थ वसा वाला शाकाहारी भोजन लें। डब्बा बंद, जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड, ज्यादा चीनी और अस्वास्थ्यकर वसा के सेवन से बचें। विशेषज्ञों का कहना है कि “आहार ही औषधि है” यह प्राचीन वेदों की बात आज भी सही है।
सक्रिय रहें और व्यायाम करें :- लिवर के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि वसा जमा होने से रोकती है। चाहे रोजाना व्यायाम हो, साइकिलिंग, तैराकी, डांस या व्यायाम हर प्रकार की गतिविधि लिवर को मजबूत बनाती है। व्यायाम लिवर की सेहत सुधार सकता है।
शराब का सेवन कम करें :- शराब लिवर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। शराब का सेवन कम करना या पूरी तरह छोड़ना लिवर की बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
नियमित जांच करवाएं :- लक्षण दिखने से पहले ही लिवर की समस्या का पता लगाने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच जरूरी है। खासकर डायबिटीज, मोटापा या परिवार में लिवर रोग के इतिहास वाले लोगों को डॉक्टर की सलाह से लिवर फंक्शन टेस्ट और विटामिन ई की जांच करानी चाहिए।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इसके अलावा, जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव जैसे पर्याप्त पानी पीना, अच्छी नींद लेना, संतुलित भोजन करना और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल कर लिवर को स्वस्थ रखा जा सकता है।
--आईएएनएस
एमटी/डीकेपी
