Aapka Rajasthan

वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज: 5 से 9 सितंबर के बीच अहमदाबाद में आयोजन, 20 देशों के 100 से ज्यादा एथलीट्स लेंगे हिस्सा

अहमदाबाद, 3 सितंबर (आईएएनएस)। भारत पहली बार हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज की मेजबानी करेगा। 5 से 9 सितंबर तक अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर 20 देशों के 100 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे, जिससे शहर में एक बड़ा इंटरनेशनल पैरा-आर्चरी इवेंट होगा।
 

अहमदाबाद, 3 सितंबर (आईएएनएस)। भारत पहली बार हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज की मेजबानी करेगा। 5 से 9 सितंबर तक अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर 20 देशों के 100 से ज्यादा एथलीट हिस्सा लेंगे, जिससे शहर में एक बड़ा इंटरनेशनल पैरा-आर्चरी इवेंट होगा।

अहमदाबाद का यह इवेंट 2026 हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का तीसरा चरण होगा। इससे पहले पहला चरण अप्रैल में बैंकॉक में और दूसरा चरण 30 जून से 4 जुलाई तक नोवे मेस्टो, चेकिया में हुआ था। चौथा और आखिरी चरण अक्टूबर में सैंटियागो, चिली में होना है।

आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएआई) द्वारा गुजरात सरकार, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में रिकर्व ओपन, कंपाउंड ओपन, डब्ल्यू1 और विज़ुअली इम्पेयर्ड (दृष्टिबाधित) कैटेगरी में मुकाबले होंगे।

इसमें हिस्सा लेने वाले देशों में भारत, चीन, ग्रेट ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, हंगरी, इंडोनेशिया, ईरान, कजाकिस्तान, मैक्सिको, स्लोवाकिया, अमेरिका, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, साइप्रस, चेकिया, इराक, रूस और श्रीलंका शामिल हैं।

भारत की ओर से कई जाने-माने पैरा-आर्चर हिस्सा लेंगे, जिनमें पेरिस 2024 पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह, वर्ल्ड पैरा आर्चरी चैंपियन और पैरालंपिक मेडलिस्ट शीतल देवी, अर्जुन अवॉर्डी और वर्ल्ड पैरा आर्चरी मेडलिस्ट राकेश कुमार और पैरालंपियन श्याम सुंदर स्वामी शामिल हैं।

भारतीय टीम में 29 आर्चर शामिल हैं और वे गांधीनगर में साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तैयारी कर रहे हैं। टीम के 11 सदस्यों को जापान में होने वाले आगामी आइची-नागोया एशियन गेम्स के लिए भी चुना गया है।

उप-मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि यह इवेंट पैरा-एथलीट्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला करने का मंच देगा और साथ ही बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स की मेजबानी में गुजरात की बढ़ती भूमिका को भी दिखाएगा।

संघवी ने कहा, "ओपनिंग सेरेमनी, जिसकी थीम 'हर तीर हिम्मत की कहानी कहता है' है, पैरा-एथलीटों के दृढ़ संकल्प, हिम्मत और खेल कौशल का जश्न मनाएगी। टूर्नामेंट इंटरनेशनल मंच पर सटीकता और लगन का प्रदर्शन करेगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में, गुजरात अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय सीरीज की मेजबानी से बड़े खेल आयोजनों के लिए गुजरात की बढ़ती पहचान और मजबूत होगी और पैरा-आर्चरी को एक वैश्विक मंच मिलेगा।"

इस टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन 4 सितंबर को होगा। एएआई के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस सीरीज की मेजबानी से भारतीय तीरंदाजों को अपने ही देश में शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करने का मौका मिलेगा।

मुंडा ने कहा, "आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के लिए अहमदाबाद में हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज की मेजबानी करना गर्व की बात है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पैरा-तीरंदाजों को भारत लाने से हमारे खिलाड़ियों को विश्व-स्तरीय मुकाबले का मौका मिलेगा और साथ ही खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को प्रेरणा भी मिलेगी।"

उन्होंने कहा कि अहमदाबाद का चयन बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की भारत की बढ़ती क्षमता और समावेशी व सुलभ खेलों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

एएआई के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह आयोजन देश में खिलाड़ियों, कोचों और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी समुदाय के सदस्यों को एक साथ लाकर भारत में पैरा-आर्चरी इकोसिस्टम के विकास में योगदान देगा। उन्होंने, "भारत में वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज की मेजबानी करना इस खेल और पैरा-आर्चरी इकोसिस्टम के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वैश्विक स्तर के खिलाड़ियों को भारत लाने से पैरा-आर्चरी की गुणवत्ता को बहुत बड़े दर्शकों के सामने प्रदर्शित करने का मौका मिलता है, साथ ही भारतीय धरती पर खिलाड़ियों, कोचों और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी समुदाय को एक साथ लाने का अवसर भी मिलता है।"

--आईएएनएस

आरएसजी