Aapka Rajasthan

वर्क फ्रॉम होम और मेट्रो मंडे का गंभीरता से पालन करने पर जोर, सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों संग की बैठक

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस वर्चुअल बैठक में दिल्ली सरकार के बजट में की गई घोषणाओं, विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
 
वर्क फ्रॉम होम और मेट्रो मंडे का गंभीरता से पालन करने पर जोर, सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों संग की बैठक

नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस वर्चुअल बैठक में दिल्ली सरकार के बजट में की गई घोषणाओं, विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

सीएम रेखा गुप्ता ने इन योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री सेवा सदन में आयोजित इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बजट में घोषित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए तत्काल प्रभाव से कार्य तेज किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि हर योजना को अंतिम परिणाम तक पहुंचाना है।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों द्वारा बजट राशि का योजनाओं पर उचित उपयोग नहीं किया जाएगा, आगामी बजट में उनकी धनराशि में कटौती की जा सकती है। बैठक में मानसून की तैयारियों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले राजधानी के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई और गाद निकालने का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के मुद्दे पर कहा कि जिन स्थानों पर धूल उड़ने की समस्या है या खाली जमीन पड़ी हुई है, वहां बड़े स्तर पर पौधारोपण अथवा घास लगाने का अभियान चलाया जाए। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर राजधानी को स्वच्छ और हरित बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सरकारी स्कूलों में समय रहते व्हाइट वॉश, शौचालयों की मरम्मत और बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

बैठक में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से मेट्रो मंडे और वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था का गंभीरता से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत, ट्रैफिक दबाव में कमी और प्रदूषण नियंत्रण में सहायता मिलेगी। साथ ही, सोलर पावर और जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली को ऊर्जा संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक मॉडल शहर बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि सोशल मीडिया का उपयोग केवल औपचारिक सूचना तक सीमित न रहे, बल्कि जनहित योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने के प्रभावी माध्यम के रूप में किया जाए। सभी विभागों को अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की नियमित अपडेट साझा करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी योजनाओं की नियमित समीक्षा करे और प्रगति रिपोर्ट लगातार अपडेट करता रहे। उन्होंने पीएम प्रगति पोर्टल पर लंबित और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जानकारी समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए ताकि विकास कार्यों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।

बैठक में विभिन्न विभागों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, शिकायत निवारण, पौधारोपण अभियान, आईजीओटी प्लेटफॉर्म पर कर्मचारियों के ऑनबोर्डिंग और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तय समयसीमा में परिणाम सुनिश्चित करने को कहा।

--आईएएनएस

डीकेपी/