विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: कप्तान अट्टापट्टू ने जड़ा नाबाद शतक, श्रीलंका ने आयरलैंड को 9 विकेट से रौंदा
ब्रिस्टल, 23 जून (आईएएनएस)। कप्तान चामरी अट्टापट्टू की नाबाद शतकीय पारी के साथ श्रीलंका ने मंगलवार को काउंटी ग्राउंड में खेले गए विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 20वें मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने अगले दौर में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
'ग्रुप-बी' में श्रीलंकाई टीम 4 में से 2 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है, जबकि स्कॉटलैंड और आयरलैंड खिताबी रेस से बाहर है। इस ग्रुप में इंग्लैंड शीर्ष पर है, जबकि वेस्टइंडीज दूसरे स्थान पर है। इन दोनों ही टीमों ने शुरुआती तीनों मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड की टीम 4 में से 2 मैच अपने नाम करते हुए तीसरे पायदान पर है।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने 5 विकेट खोकर 130 रन बनाए। इस टीम ने 19 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से लिआ पॉल ने कप्तान गैबी लुईस के साथ चौथे विकेट के लिए 59 गेंदों में 66 रन की साझेदारी की।
पॉल 27 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद कप्तान ने एलिस टेक्टर के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 रन जोड़े। लुईस 50 गेंदों में 8 चौकों के साथ 59 रन बनाकर आउट हुईं। यहां से एलिस ने 21 गेंदों में 3 चौकों के साथ 28 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से मिताली अयोध्या, सुगंधिका कुमारी, चामरी अट्टापट्टू और निलाक्षिका सिल्वा ने 1-1 विकेट निकाला।
इसके जवाब में श्रीलंका ने 15.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम को कप्तान चामरी अट्टापट्टू और इमेशा दुलानी की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 72 गेंदों में 98 रन जुटाए।
इमेशा 27 गेंदों में 3 चौकों के साथ 20 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद कप्तान ने निलाक्षिका सिल्वा के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।
अट्टापट्टू 61 गेंदों में 2 छक्कों और 17 चौकों के साथ 106 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि सिल्वा ने 5 गेंदों में नाबाद 4 रन बनाए। विपक्षी खेमे से ओर्ला प्रेंडरगास्ट ने 22 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
--आईएएनएस
आरएसजी
