Aapka Rajasthan

विमेंस प्रो गोल्फ टूर: 8वें लेग में एमेच्योर जारा और लावण्या संयुक्त रूप से आगे

बेंगलुरु, 17 जून (आईएएनएस)। एमेच्योर जारा आनंद ने बैंगलोर गोल्फ क्लब में विमेंस प्रो गोल्फ टूर के आठवें लेग के पहले राउंड में 4-अंडर 64 का स्कोर किया। जारा के साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाने वाली लावण्या जाडोन थीं, जिन्होंने पिछले हफ्ते सिंगापुर लेडीज मास्टर्स में हिस्सा लिया था।
 
विमेंस प्रो गोल्फ टूर: 8वें लेग में एमेच्योर जारा और लावण्या संयुक्त रूप से आगे

बेंगलुरु, 17 जून (आईएएनएस)। एमेच्योर जारा आनंद ने बैंगलोर गोल्फ क्लब में विमेंस प्रो गोल्फ टूर के आठवें लेग के पहले राउंड में 4-अंडर 64 का स्कोर किया। जारा के साथ संयुक्त रूप से बढ़त बनाने वाली लावण्या जाडोन थीं, जिन्होंने पिछले हफ्ते सिंगापुर लेडीज मास्टर्स में हिस्सा लिया था।

पार-68 कोर्स पर 4-अंडर 64 के स्कोर के साथ, यह जोड़ी दुर्गा नित्तूर और स्मृति भार्गव से एक शॉट आगे थी, जिन्होंने 3-अंडर 65 का स्कोर किया। दो अन्य युवा स्टार, अन्वी दहिया और एमेच्योर महरीन भाटिया, 2-अंडर 66 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। 17 लाख रुपए की इनामी राशि वाले इस इवेंट की शुरुआत 57 खिलाड़ियों के साथ हुई थी, लेकिन जाह्नवी बख्शी स्वास्थ्य कारणों से हट गईं।

जारा ने तीन पार के साथ शुरुआत की, लेकिन अगले दो होल्स पर बोगी कर बैठीं। फिर उन्होंने छठे और सातवें होल पर लगातार बर्डी और नौवें होल पर एक और बर्डी के साथ वापसी करते हुए 1-अंडर का स्कोर किया। जारा ने 10वें होल पर बर्डी और 13वें से 15वें होल तक लगातार तीन बर्डी के साथ अपनी लय बरकरार रखी। 17वें होल पर देर से लगी बोगी के कारण वह अकेले बढ़त नहीं बना सकीं।

लावण्या ने भी बैक नाइन में शानदार वापसी की। वह चौथे होल पर एक बर्डी और अगले दो होल्स पर बोगी के साथ फ्रंट नाइन में 1-ओवर पर थीं। उन्होंने बैक नाइन में पांच बर्डी के साथ जोरदार वापसी की। लावण्या ने 11वें से 13वें होल तक लगातार तीन बर्डी और 16वें व 17वें होल पर दो और बर्डी हासिल करके 64 का स्कोर किया।

दुर्गा नित्तूर ने फ्रंट नाइन में तीन बर्डी और बैक नाइन में तीन और बर्डी लगाईं, लेकिन बैक नाइन में उन्होंने तीन शॉट भी गंवाए। एक समय नित्तूर 5-अंडर पर थीं और संभवत: पहले राउंड में सबसे आगे रहतीं, लेकिन 16वें और 17वें होल पर लगातार बोगी की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। स्मृति ने 65 का स्कोर किया, जिसमें चार बर्डी और एक बोगी शामिल थी। महरीन ने छह बर्डी लगाईं, लेकिन चार होल पर शॉट भी गंवाए, जबकि अन्वी दहिया ने तीन बोगी के मुकाबले पांच बर्डी लगाईं।

मन्नत बरार, करिश्मा गोविंद और एमेच्योर अनन्या सूद 1-अंडर 67 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर रहीं, जबकि जैस्मीन शेखर, काशिका मिश्रा, नयनिका सांगा और आयुषी दत्ता ने 'ईवन पार' 68 का स्कोर करके टॉप-10 में जगह बनाई।

--आईएएनएस

आरएसजी