Aapka Rajasthan

विमेंस नेशंस कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, सलीमा टेटे संभालेंगी कमान

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप के लिए विमेंस टीम का ऐलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में खेला जाना है।
 
विमेंस नेशंस कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, सलीमा टेटे संभालेंगी कमान

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप के लिए विमेंस टीम का ऐलान कर दिया है। यह टूर्नामेंट 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में खेला जाना है।

सलीमा टेटे टूर्नामेंट के लिए टीम की कैप्टन बनी रहेंगी। सविता और बीचू देवी खारीबाम भरोसेमंद, अनुभवी गोलकीपर के तौर पर काम करेंगी। डिफेंस में सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी, निक्की प्रधान और ज्योति बैकलाइन में अपना इंटरनेशनल अनुभव लेकर आएंगी। उनके साथ लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास भी होंगी, जिन्हें हाल ही में ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया था।

सलीमा मिडफील्ड की अगुवाई करेंगी, जिन्हें नेहा, सुनीता टोप्पो और साक्षी राणा का सपोर्ट मिलेगा। सलीमा को दीपिका सोरेंग का भी साथ मिलेगा, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में फ्रेंडली सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। नवनीत कौर अटैक को लीड करेंगी और उम्मीद है कि वह हाल के इंटरनेशनल मुकाबलों में अपने शानदार गोल करने के सिलसिले को बनाए रखेंगी। नवनीत को दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, अन्नू और इशिका का साथ मिलेगा। इसके साथ ही अनुभवी अटैकिंग मिडफील्डर लालरेमसियामी और सोनम भी टीम के अटैक को मजबूती प्रदान करेंगी।

भारत की महिलाएं ऑस्ट्रेलिया के सफल दौरे के बाद नेशंस कप के लिए तैयार हैं, जहां उन्होंने एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 से पहले पर्थ में चार मुकाबलों की फ्रेंडली सीरीज में हिस्सा लिया था। इस सीरीज से टीम को जरूरी अनुभव मिला और चीफ कोच शोर्ड मारिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निगाहें भी रख सके। भारत ने चार मुकाबलों में मेजबान टीम के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला।

भारत को टूर्नामेंट के पूल ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है, जबकि पूल बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस शामिल हैं। चीफ कोच मारिन ने आने वाले एक जरूरी फेज के लिए टीम की तैयारियों के महत्व पर जोर दिया, जिसकी शुरुआत एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 से होगी। इसके बाद एफआईएच वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स में भी टीम को हिस्सा लेना है।

मारिन ने कहा, "नेशंस कप हमारे लिए एक जरूरी टूर्नामेंट है। हम वहां जाकर अपने लिए एक मानक सेट करने के लिए उद्देश्य के साथ खेलना चाहते हैं, जिसे हम आगे बढ़ा सकें। हमने अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया टूर में उन पहलुओं पर काम किया है, जिससे हमें एक टीम के तौर पर अच्छी तैयारी मिली। अब अगला कदम उठाने और पूरे टूर्नामेंट में लगातार उस लेवल को दिखाने की बात है। टीम प्रेरित है और चैलेंज के लिए तैयार है।"

स्क्वॉड सिलेक्शन पर अपने विचार शेयर करते हुए उन्होंने कहा, "हमने एक ऐसा स्क्वॉड चुना है जिसमें अनुभव और जोश का सही संतुलन है। सविता, सुशीला, निक्की और नवनीत जैसी खिलाड़ी पहले भी बड़े टूर्नामेंट्स में खेल चुकी हैं और जानती हैं कि दबाव में प्रदर्शन करने के लिए क्या करना होता है। इसके साथ ही, हमारे पास ऐसी खिलाड़ी हैं जो अभी भी उच्च स्तर पर अपने खेल को विकसित कर रही हैं और इस तरह का टूर्नामेंट वह माहौल देता है जहां उनका विकास होता है।"

भारतीय टीम ने नेशंस कप में अपने अभियान का आगाज 15 जून को अमेरिका के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम की अगली भिड़ंत जापान से 16 जून को होगी। 18 जून को टीम का सामना उरुग्वे से होगा। टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला 20 और फाइनल मैच 21 जून को खेला जाना है।

एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 के लिए भारत की 20 सदस्यीय टीम

गोलकीपर: सविता, बीचू देवी खारीबाम

डिफेंडर: सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी, लालथंतलुआंगी, शिल्पी डबास, ज्योति, निक्की प्रधान

मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, सुनीता टोप्पो, साक्षी राणा, दीपिका सोरेंग, सोनम, लालरेमसियामी

फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका, अन्नू।

--आईएएनएस

एसएम/एएस