विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी : जिम्बाब्वे ने थाईलैंड को 28 रनों से हराया, नीदरलैंड्स से पार नहीं पा सकी पाकिस्तान की टीम
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 में नीदरलैंड्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। वहीं, जिम्बाब्वे ने गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बूते थाईलैंड को 28 रनों से शिकस्त दी।
पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स: पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 126 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से गुल फिरोजा ने 21 गेंदों में सबसे ज्यादा 23 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में एक चौका लगाया। वहीं, कप्तान मुनीबा अली ने 22 और ईमान फातिमा ने 14 रनों का योगदान दिया। तुबा हसन ने भी 14 रनों का योगदान दिया। नीदरलैंड्स की तरफ से गेंदबाजी में फ्रेडरिक ओवरडाइक ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि आइरिस ज्विलिंग ने 2 विकेट झटके।
हालांकि, नीदरलैंड्स ने 127 रनों के लक्ष्य को आसानी से 14.5 ओवर में महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से हीथर सीगर्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 39 रन बनाए। वहीं, कप्तान बैबेट डी लीडे ने महज 23 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौकों की मदद से 39 रन बनाए। स्टर्रे कालिस 26 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को जीत दिलाकर लौटीं।
जिम्बाब्वे बनाम थाईलैंड: टॉस गंवाने के बाद जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 110 रन बनाए। टीम की तरफ से सलामी बल्लेबाज केलिस न्धलोवु अच्छी फॉर्म में नजर आईं और उन्होंने 49 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 56 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। न्धलोवु के अलावा, जिम्बाब्वे की तरफ से कप्तान जोसफिन नकोमो ने नाबाद 16 रन बनाए।
111 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड टीम का बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और पूरी टीम 16.4 ओवर में सिर्फ 82 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। थाईलैंड की ओर से सर्वाधिक 19 रन फनिता माया ने बनाए। जिम्बाब्वे की तरफ से गेंदबाजी में क्रिस्टीन मुतासा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में महज 10 रन देकर 6 विकेट चटकाए। ओलिंडर चारे ने 3.4 ओवर के स्पेल में 11 रन देकर 3 विकेट झटके।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम
