Aapka Rajasthan

विमेंस डीपीएल: प्रज्ञा-सिमरन की शतकीय साझेदारी, राइडर्स ने खोला जीत का खाता

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने प्रज्ञा रावत और सिमरन बहादुर की शतकीय साझेदारी के दम पर रविवार को सेंट्रल दिल्ली क्वींस के खिलाफ 19 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ राइडर्स ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में जीत का अपना खाता खोल लिया है।
 

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने प्रज्ञा रावत और सिमरन बहादुर की शतकीय साझेदारी के दम पर रविवार को सेंट्रल दिल्ली क्वींस के खिलाफ 19 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ राइडर्स ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में जीत का अपना खाता खोल लिया है।

सुपरस्टार्स ने अपना पहला मैच गंवाया था, जिसके बाद अगले मुकाबले में जीत के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि क्वींस लगातार दूसरा मैच गंवाकर चौथे पायदान पर खिसक गई।

अरुण जेटली स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट दिल्ली टाइगर्स ने निर्धारित ओवरों में 2 विकेट खोकर 174 रन बनाए। इस टीम को 12 के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज आर्ना डुडेजा के रूप में पहला झटका लग गया था। आर्ना टीम के खाते में सिर्फ 6 रन का योगदान दे सकीं। इसके बाद प्रज्ञा रावत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने वंशिका लीला के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 56 के स्कोर तक पहुंचाया।

वंशिका 22 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुईं, उनकी इस पारी में 1 छक्का और 3 चौके शामिल रहे। यहां से प्रज्ञा ने सिमरन बहादुर के साथ तीसरे विकेट के लिए 73 गेंदों में 118 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।

सिमरन 36 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 60 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि प्रज्ञा ने 55 गेंदों में 8 चौकों के साथ नाबाद 70 रन बनाए। विपक्षी खेमे से सुमिति सोनी और मेधावी बिधूड़ी ने 1-1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में सेंट्रल दिल्ली क्वींस निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी। इस टीम को दीक्षा शर्मा और साची की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 52 गेंदों में 59 रन की साझेदारी की।

साची 21 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद दीक्षा ने आरुषि गोयल के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 64 रन जोड़े। दीक्षा 51 गेंदों में 86 रन बनाकर आउट हुईं; उनकी इस पारी में 4 छक्के और 10 चौके शामिल रहे। टीम को 123 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। आलम यह रहा कि बल्लेबाजी क्रम में उतरीं शीर्ष-4 बल्लेबाजों के अलावा, किसी अन्य ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ।

विपक्षी खेमे से पूर्वा सिवाच ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि भारती रावल को 2 विकेट हाथ लगे। इनके अलावा, सिमरन बहादुर ने 1 विकेट चटकाया।

--आईएएनएस

आरएसजी