Aapka Rajasthan

विमेंस एशिया कप: नाशरा ने 7 रन देकर चटकाए 6 विकेट, हांगकांग को 72 रन से रौंदकर सेमीफाइनल में पाकिस्तान

दुबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने सोमवार को 'विमेंस एशिया कप 2026' के 11वें मुकाबले में हांगकांग, चीन के खिलाफ 72 रन से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान के लिए नाशरा संधू ने 4 ओवरों में 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। वह पाकिस्तान के लिए किसी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 'विकेटों का छक्का 'लगाने वाली पहली महिला बन गई हैं।
 

दुबई, 7 सितंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने सोमवार को 'विमेंस एशिया कप 2026' के 11वें मुकाबले में हांगकांग, चीन के खिलाफ 72 रन से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान के लिए नाशरा संधू ने 4 ओवरों में 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। वह पाकिस्तान के लिए किसी एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 'विकेटों का छक्का 'लगाने वाली पहली महिला बन गई हैं।

पाकिस्तानी टीम 11 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ 'सेमीफाइनल-2' खेलेगी, जबकि 10 सितंबर को 'सेमीफाइनल-1' में भारत के सामने बांग्लादेश/यूएई मैच की विजेता टीम होगी।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए। शवाल जुल्फिकार ने मुनीबा अली के साथ पहले विकेट के लिए 17 गेंदों में 23 रन की साझेदारी की।

मुनीबा 6 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद जुल्फिकार ने गुल फिरोजा (3) के साथ 10 रन और आयशा जफर के साथ तीसरे विकेट के लिए 34 गेंदों में 47 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 80 के स्कोर तक पहुंचाया।

पाकिस्तान को जुल्फिकार के रूप में चौथा झटका लगा, जो 35 गेंदों में 6 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। आलम ये रहा कि महज 101 के स्कोर तक 6 विकेट गिर गए थे।

यहां से कप्तान फातिमा सना ने पाकिस्तान को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान तुबा हसन (14) के साथ सातवें विकेट के लिए 26 रन जुटाए। फातिमा 24 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुईं। विपक्षी खेमे से जॉयलीन कौर ने 4 ओवरों में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि इकरा सहर और कैरी चान ने 2-2 विकेट हासिल किए।

इसके जवाब में हांगकांग, चीन 19 ओवरों में सिर्फ 71 रन पर सिमट गई। टीम को 1.1 ओवरों में शुरुआती 2 झटके लग गए थे। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुड़ सका था। इसके बाद कैरी चान (30) ने यास्मीन दासवानी (13) के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 31 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद विकेटों का पतझड़ लग गया।

हांगकांग, चीन ने 55 के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद रुचिता वेंकटेश (9) ने जॉयलीन कौर (10) के साथ अंतिम जोड़ी के रूप में 16 रन जुटाए, लेकिन टीम के लिए हार के अंतर को कम नहीं कर सकीं। पाकिस्तान के लिए नाशरा संधु ने 7 रन देकर 6 विकेट निकाले, जबकि फातिमा सना, सादिया इकबाल, उम्म-ए-हानी और आयशा जफर ने 1-1 विकेट हासिल किया।

--आईएएनएस

आरएसजी