विंबलडन: बुजकोवा और नवारो ने जीत के साथ तीसरे राउंड में जगह बनाई
लंदन, 2 जुलाई (आईएएनएस)। मैरी बुजकोवा और एम्मा नवारो ने गुरुवार को विंबलडन 2026 के विमेंस सिंगल्स के तीसरे राउंड में जगह बना ली है। दोनों ही खिलाड़ी दो हफ्ते पहले नॉटिंघम ओपन के फाइनल में आमने-सामने थीं।
गुरुवार को लंदन के ऑल-इंग्लैंड क्लब में बुजकोवा ने इटली की क्वालीफायर टायरा कैटेरिना ग्रांट को सीधे सेटों में हराया, जबकि नवारो ने ओक्साना सेलेखमेतेवा को तीन सेटों में हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
नंबर 21 सीड बुजकोवा ने ग्रांट को 7-5, 6-3 से मात देकर तीसरी बार विंबलडन के तीसरे राउंड में जगह बनाई। उनका अब तक का सबसे अच्छा ग्रैंड स्लैम प्रदर्शन 2022 में ऑल इंग्लैंड क्लब में रहा था, जब वह क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। चेक खिलाड़ी का इस सीजन में ग्रास कोर्ट पर रिकॉर्ड 7-2 का हो गया है।
अब बुजकोवा का मुकाबला पिछले साल की विंबलडन क्वार्टर फाइनलिस्ट ल्यूडमिला सैमसनोवा से होगा, जिन्होंने नंबर 15 सीड डायना श्नाइडर को 6-4, 4-6, 6-2 से हराकर तीसरे राउंड में जगह बनाई। डब्ल्यूटीए टूर पर 'हेड-टू-हेड' मुकाबलों में सैमसनोवा 3-2 से आगे हैं, हालांकि ग्रास कोर्ट पर हुए उनके एकमात्र पिछले मुकाबले में बुजकोवा ने जीत दर्ज की थी।
दूसरी तरफ, नॉटिंघम फाइनल में बुजकोवा से हार का सामना करने वालीं एम्मा नवारो ने गुरुवार को ओक्साना सेलेखमेतेवा के खिलाफ 3-6, 6-4, 6-1 से जीत दर्ज करते हुए लगातार तीसरे साल ऑल इंग्लैंड क्लब में तीसरे राउंड में जगह बनाई। यह अमेरिकी खिलाड़ी 2024 में क्वार्टर फाइनल और पिछले साल चौथे राउंड तक पहुंची थीं।
नवारो ने अब अपने पिछले 18 टूर-लेवल मुकाबलों में से 14 जीते हैं। अब उनका सामना नंबर 12 सीड मार्टा कोस्त्युक या अन्ना ब्लिंकोवा से होगा।
इससे पहले बुधवार को, ग्रैंड स्लैम चैंपियन के बीच हुए मुकाबले में बारबोरा क्रेजिकोवा ने नंबर 5 सीड मीरा एंड्रीवा को 4-6, 7-5, 6-4 से हराकर रोमांचक जीत हासिल की। दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन तीसरे राउंड में चेक गणराज्य की ही खिलाड़ी निकोला बार्टुनकोवा से भिड़ेंगी। बार्टुनकोवा ने नंबर 32 सीड कैटरीना सिनियाकोवा को 6-2, 4-0 से हराकर 2026 में अपने दूसरे ग्रैंड स्लैम तीसरे राउंड में जगह बनाई।
--आईएएनएस
आरएसजी
