Aapka Rajasthan

पश्चिम बंगाल हिंसा पर भाजपा नेताओं का टीएमसी पर तंज, कहा- ममता बनर्जी हार रहीं तो करा रहीं हिंसा

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने चुनाव के दौरान हो रही हिंसा को लेकर टीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टीएमसी हार रही है, इसीलिए ये सब कर रही है।
 
पश्चिम बंगाल हिंसा पर भाजपा नेताओं का टीएमसी पर तंज, कहा- ममता बनर्जी हार रहीं तो करा रहीं हिंसा

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने चुनाव के दौरान हो रही हिंसा को लेकर टीएमसी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि टीएमसी हार रही है, इसीलिए ये सब कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि बंगाल की झड़प दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस तरह के हथकंडों से बंगाल की जनता के जनादेश को नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी डर और भ्रम की राजनीति कर रही हैं और अपने कार्यकर्ताओं को भड़काने की कोशिश कर रही हैं। यह रणनीति केवल भय का माहौल बनाने के लिए अपनाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि टीएमसी के लोग जानकर माहौल खराब करना चाहते हैं लेकिन चुनाव आयोग और केंद्रीय पुलिस बलों की वजह से इस बार चुनाव शांति से कराए जा रहे हैं। इसके बाद इसमें कोई शक नहीं रह गया है कि इस बार परिवर्तन निश्चित है। टीएमसी को भी यह पता चल गया है।

भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार जा रही है, इसीलिए ये लोग परेशान हो रहे हैं और हिंसा करने की कोशिश कर रहे हैं। जनता ने बंगाल में परिवर्तन का बिगुल बजा दिया है, जो 4 मई को सबके सामने आने वाला है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान कुछ बूथों पर टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर भाजपा के पोलिंग एजेंटों पर हमला किए जाने की खबरों पर यूपी के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा, "पश्चिम बंगाल में जिस तरह ममता बनर्जी के कार्यकर्ताओं ने हिंसा का सहारा लिया है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।"

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण पर महाराष्ट्र से भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने कहा, "पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड मतदान होता दिखाई दे रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि बंगाल की जनता BJP के साथ है और राज्य में भाजपा को सत्ता मिलेगी।"

गौरतलब है कि दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। कई इलाकों में छिटपुट हिंसा और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं, जिन पर चुनाव आयोग और सुरक्षा एजेंसियां नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। टीएमसी का कहना है कि भाजपा केंद्रीय बलों के साथ मिलकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है और उनके कार्यकर्ताओं को परेशान किया जा रहा है। इन आरोपों-प्रत्यारोपों के बीच चुनावी माहौल और अधिक तनावपूर्ण होता जा रहा है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम