Aapka Rajasthan

एलपीयू बवाल पर सुखबीर बादल बोले-वॉकीटॉकी और हथियारों के साथ पकड़े गए बाहरी लोग, रची गई साजिश

चंडीगढ़, 29 सितंबर (आईएएनएस)। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के हंगामे और बाहरी लोगों की घुसपैठ के मामले ने अब पंजाब की सियासत में तूफान ला दिया है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला बोला है।
 

चंडीगढ़, 29 सितंबर (आईएएनएस)। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के हंगामे और बाहरी लोगों की घुसपैठ के मामले ने अब पंजाब की सियासत में तूफान ला दिया है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला बोला है।

सुखबीर बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "यह हैरान करने वाली बात है कि एलपीयू के अंदर वॉकी-टॉकी और हथियार लिए हुए गुंडे पाए गए और बहादुर छात्रों ने ही उन्हें पकड़ा और गिरफ्तार करवाया। पकड़े गए लोग बाहरी हैं, जिससे यह साबित होता है कि यह एक बड़ी साजिश है। मैं पूछना चाहता हूं कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने एफआईआर कहां दर्ज की है?"

सुखबीर बादल ने कहा कि यह 'आप' के लिए कोई नई बात नहीं है। उन्होंने मलेरकोटला की घटना का जिक्र करते हुए लिखा, "हमने मलेरकोटला में भी ऐसा ही पैटर्न देखा था, जहां 'आप' के नेता नरेश यादव पवित्र कुरान शरीफ के अपमान में शामिल थे और उन्हें जेल हुई थी।"

बादल ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और उनके दिल्ली के नेता अब ऐसी घटनाओं के जरिए पंजाबियों का ध्यान भटकाने और उन्हें गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'आप' सरकार ईडी की रेड में 10,000 करोड़ रुपए के घोटाले के हालिया खुलासों से ध्यान हटाना चाहती है।

बादल ने लिखा, "वे इस बात से ध्यान हटाना चाहते हैं कि उनका गुट चंडीगढ़ में सरकारी बंगलों पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए है और पंजाब को प्रॉक्सी के जरिए चलाने की कोशिश कर रहा है।" शिअद अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने उन्हें गुरुद्रोही बताते हुए कहा कि मान एक बार फिर पंजाब को निराश करने में सफल रहे हैं।

बादल ने पोस्ट में कहा, "सीएम भगवंत मान की मुख्य जिम्मेदारी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना था लेकिन उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह से छोड़ दी है। छात्रों की सुरक्षा करने के बजाय वह राजनीतिक फायदे के लिए सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।"

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम