Aapka Rajasthan

विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस 2026 : सिर्फ एक दिन नहीं, रोजाना निभाएं धरती बचाने की जिम्मेदारी

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। हर साल 26 नवंबर को विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाया जाता है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि जिस धरती पर हम रहते हैं, वह सिर्फ हमारी जरूरतें पूरी करने का जरिया नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। साफ हवा, पीने का पानी, हरे-भरे जंगल, उपजाऊ मिट्टी और प्राकृतिक संसाधन हमें प्रकृति से ही मिलते हैं। लेकिन अपनी सुविधाओं और जरूरतों को पूरा करने के चक्कर में हम लगातार प्रकृति को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
 
आज पर्यावरण से जुड़ी समस्याएं पहले से कहीं ज्यादा गंभीर होती जा रही हैं। कहीं जंगल तेजी से काटे जा रहे हैं, तो कहीं नदियां और समुद्र प्रदूषित हो रहे हैं। शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। वहीं, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। कभी बेमौसम बारिश, कभी भीषण गर्मी तो कभी सूखे जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। ये सभी संकेत हैं कि अगर हमने समय रहते प्रकृति की देखभाल नहीं की, तो आने वाले समय में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें इसकी सुरक्षा के लिए प्रेरित करना है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना सिर्फ सरकार या किसी सामाजिक संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर व्यक्ति की भूमिका अहम है। जब तक आम लोग अपनी आदतों में बदलाव नहीं करेंगे, तब तक पर्यावरण को सुरक्षित रखना मुश्किल होगा।

इस दिन स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों की ओर से पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों और युवाओं को समझाया जाता है कि प्रकृति की रक्षा करना उनके भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।

अक्सर लोग सोचते हैं कि पर्यावरण को बचाने के लिए बहुत बड़े स्तर पर काम करने या लाखों रुपये खर्च करने की जरूरत है, लेकिन ऐसा नहीं है। इसकी शुरुआत हम अपने घर से ही कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, ब्रश करते समय नल खुला न छोड़ें, जरूरत न होने पर लाइट और पंखे बंद रखें और पानी की बर्बादी रोकें।

इसके अलावा, बाजार जाते समय कपड़े या जूट का थैला साथ रखें, ताकि प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल कम हो। घर में निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। खाली जगह पर पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें। छोटी दूरी के लिए निजी वाहन के बजाय पैदल चलने, साइकिल चलाने या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की कोशिश करें।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस