विश्व धरोहर दिवस: मऊ में मंत्री एके शर्मा का आह्वान, वृक्षारोपण को बनाएं जन-आंदोलन
मऊ, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर मऊ में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
मऊ के मंगलम भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री एके शर्मा ने पौधारोपण कर इसकी शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के मूल आधार हैं, क्योंकि यही हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण की महत्ता और अधिक बढ़ गई है। मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे वृक्षारोपण को केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा, “अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लें, तभी इसका वास्तविक लाभ मिल सकेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण से ही शुद्ध वायु मिलती है और शुद्ध वायु से ही स्वस्थ जीवन संभव है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्य आवश्यकता है।
मंत्री शर्मा ने कहा कि पर्यावरण हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दें, ताकि एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
--आईएएनएस
विकेटी/एएसएच
