विश्व ह्यूमनॉइड रोबोट खेल प्रतियोगिता में कई रिकॉर्ड टूटे
बीजिंग, 27 अगस्त (आईएएनएस)। दूसरी विश्व ह्यूमनॉइड रोबोट खेल प्रतियोगिता 26 अगस्त को संपन्न हुई। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में 100 से अधिक मॉडलों के 2,000 से ज्यादा ह्यूमनॉइड रोबोट ने एक साथ हिस्सा लिया।
इस दौरान हजारों घंटों के संचालन डेटा और 10 हजार से अधिक मोशन कैप्चर रिकॉर्ड किए गए। ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर की दौड़ 10 सेकंड के भीतर पूरी की और 3.4 मीटर की ऊंचाई तक छलांग लगाई।
इसके अलावा, उन्होंने कारखानों में सामान उठाने, होटलों में कमरे व्यवस्थित करने, सुपरमार्केट में सामान चुनने और आपात स्थिति से निपटने जैसे काम भी किए। प्रतियोगिता की कई स्पर्धाओं में पिछली बार के रिकॉर्ड भी टूट गए।
इस प्रतियोगिता में कई स्पर्धाओं के नतीजे पिछली बार की तुलना में काफी बेहतर रहे। 400 मीटर दौड़ में पिछली बार का 1 मिनट 28.03 सेकंड का रिकॉर्ड इस बार छोटे समूह में 45.66 सेकंड और बड़े समूह में 38.15 सेकंड तक सुधर गया। इसी तरह, 1500 मीटर दौड़ में पिछली बार का 6 मिनट 34.40 सेकंड का समय घटकर 2 मिनट 21.64 सेकंड हो गया। वहीं, स्थिर छलांग में पिछली बार का 0.95641 मीटर का रिकॉर्ड सुधरकर 3.40 मीटर हो गया।
फील्ड स्पर्धाओं के अलावा फुटबॉल, जिमनास्टिक, वेटलिफ्टिंग, स्ट्रीट डांस, स्पोर्ट्स डांस, मार्शल आर्ट्स, रस्साकशी, थ्रोइंग गेम, टेबल टेनिस और फ्री फाइटिंग जैसी स्पर्धाओं में भी ह्यूमनॉइड रोबोट ने अपनी खास क्षमताओं का प्रदर्शन किया और दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस बीच, दूसरी विश्व ह्यूमनॉइड रोबोट खेल प्रतियोगिता आयोजन समिति के एक संबंधित अधिकारी ने कहा कि हर पदक ह्यूमनॉइड रोबोट के व्यावहारिक इस्तेमाल की दिशा में एक कदम है।
उन्होंने कहा कि वास्तविक परिस्थितियों में रोबोट का परीक्षण करना और वास्तविक जरूरतों को तकनीकी विकास की प्रेरणा बनाना इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य था। प्रत्येक स्पर्धा में रोबोटों का प्रदर्शन भी कई लोगों की उम्मीदों से बेहतर रहा।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में 16 देशों और क्षेत्रों की 666 टीमों के 2,056 ह्यूमनॉइड रोबोट प्रतियोगियों ने 51 स्पर्धाओं में 1,301 मुकाबलों में हिस्सा लिया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
