विपक्ष को देशहित से कोई मतलब नहीं, देशवासियों से पीएम की अपील सराहनीय: संजय सरावगी
पटना, 12 मई (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पीएम मोदी की अपील को लेकर विपक्षी नेताओं के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देशहित से कुछ भी लेना देना नहीं है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पड़ोसी देशों और दुनिया के अन्य हिस्सों में चल रहे संघर्ष साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। पाकिस्तान और अन्य देशों में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें 400–500 फीसदी तक बढ़ गई हैं।
भारत में भले ही विशेष उत्पाद शुल्क को कम या खत्म कर दिया गया हो, फिर भी आम नागरिक पर पड़ने वाले बोझ को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया गया है, लेकिन चूंकि कच्चे पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें ऐतिहासिक रूप से बढ़ गई हैं, इसलिए यह अपील की गई है कि लोग पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल जितना हो सके कम करें और अगर काम घर से किया जा सकता है, तो उसे उसी तरह से किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की देशवासियों से अपील सराहनीय है। विरोध करने वालों को देशहित से कोई मतलब नहीं है। राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत की छवि को धूमिल करते हैं।
संजय सरावगी ने हिमंता बिस्वा सरमा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेने वाले हैं। पीएम मोदी के साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री वहां मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जहां एनडीए का शासन रहता है, वहां हमारे नेता अच्छा काम करते हैं, इसीलिए बार-बार हमारी सरकार बनती है।
तेजस्वी यादव के शराबबंदी वाले बयान पर उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी है। जहां तक सचिवालय की बात है तो जहां भी कुछ ऐसा होता है तो कार्रवाई की जाती है।
सहयोग पोर्टल को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जन कल्याण के जो भी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा कि पहले भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरे बिहार में अच्छे काम हुए थे और अराजकता को खत्म करके सुशासन स्थापित किया गया था, अब उसी काम को सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। एक पोर्टल लॉन्च किया जा रहा है। एक टोल-फ्री नंबर जारी किया गया है और दो दिनों के भीतर कई पंचायतों में कैंप लगाए जाएंगे। उसका जल्द ही प्रारंभ होने वाला है। जनहित में 30 दिनों तक कार्रवाई नहीं होगी तो सरकार अधिकारियों से जवाब मांगेंगी।
कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए सरावगी ने कहा कि अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि 48 घंटे में जवाब देना है, कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
