Aapka Rajasthan

विपक्षी नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा, उदयवीर सिंह बोले- उन्हें 'पी' अक्षर से परेशानी है

लखनऊ, 22 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने और अखिलेश यादव की ओर से जयंत चौधरी पर टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
 

लखनऊ, 22 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने और अखिलेश यादव की ओर से जयंत चौधरी पर टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दी है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव की ओर से जयंत चौधरी पर टिप्पणी को लेकर उदयवीर सिंह ने कहा, "वे चौधरी चरण सिंह के व्यक्तित्व को छोटा करने की कोशिश कर रहे हैं। समाजवादियों ने चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व में काम किया है। उनके आदर्श और विचार को लेकर आज भी चल रहे हैं। चौधरी चरण सिंह भाजपा के खिलाफ थे, किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ थे। लेकिन आरएलडी उनके (भाजपा) साथ चली गई, वो उसको सोचना है। चौधरी चरण सिंह एक विचार और विचारधारा हैं।"

उदयवीर सिंह ने कहा कि स्वार्थ के कारण लोग चौधरी चरण सिंह को छोटा करने की कोशिश कर रहे हैं। यादव, मुस्लिम, गुर्जर और जाट सभी वर्ग के लोग उनको नेता मानते थे। अब कुछ लोगों की ओर से एक जाति में घेरने की कोशिश की जा रही है। समाजवादी पार्टी चौधरी चरण सिंह की विचारधारा पर चलती है; उनको अपना आदर्श मानती है।

उदयवीर सिंह आगे कहा, "सीएम योगी सोच-विचार, पाकिस्तान, हिंदू और मुसलमान से आगे न जानते हैं और न सोच सकते हैं। उनके लिए 'पी' अक्षर से परेशानी है। उन्होंने इन 10 वर्षों में जिन लोगों को परेशान किया है, वे सभी लोग अब इनकी सरकार को परेशानी में डालने वाले हैं। वे सत्ता से हटने वाले हैं, इसलिए वे नाराजगी में इधर-उधर बोल रहे हैं। उनको इतना ही याद रखना है कि ये सारे पीड़ित, शोषित और वंचित समाज के लोग इकट्ठे होकर उनके विचार को नष्ट करेंगे। इसलिए उनको 'पी' से परेशानी याद रखना चाहिए।

सरकार की ओर से बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाने को लेकर उदयवीर सिंह ने कहा, "सरकार के शीर्ष स्तर के लोग ही परेशान हैं। उन्हें या तो बुलेटप्रूफ जैकेट भौकाल के लिए चाहिए, या तो योगी सरकार में उनको अपनी सुरक्षा का विश्वास नहीं है। नेताओं की सुरक्षा तो होनी चाहिए, लेकिन जब चुनाव नजदीक आता है, तो असुरक्षा की भावना से घिरी सरकारें बहुत लोगों को रेवड़ी बांट कर प्रेरित करने की कोशिश करती हैं।

अखिलेश यादव के पीडीए में 'पी' को लेकर सीएम योगी के बयान पर कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "इनका पाकिस्तान के बिना काम नहीं चलता। देश के पिछड़े, पंडित, पीड़ित और देश में परिवर्तन की लहर इनको नहीं दिखाई देती है। इस बार भाजपा का 'पी' से पाकिस्तान वाला नैरेटिव हम लोगों की ओर से पूरा नहीं होने दिया जाएगा।

ओपी राजभर को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर की ओर से मानसिक विक्षिप्त की तरह व्यवहार किया जा रहा है। जितना ही वे भाजपा के पक्ष में बातें करने की कोशिश करते हैं, उतना ही वे अपने समाज से दूर जा रहे हैं। भाजपा की संगत के कारण उनके पास एक भी विधायक नहीं रहा। उनके कुछ एमएलए भाजपा में तो कुछ सपा में चले गए।

अखिलेश यादव के 'चवन्नी' वाले बयान पर जयंत चौधरी की ओर से पलटवार करने को लेकर सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि 'चवन्नी' वाला हल्का शब्द जयंत चौधरी की ओर इस्तेमाल किया गया था, किसी और ने नहीं किया था। इस शब्द की जिम्मेदारी उनको लेनी पड़ेगी। वे चौधरी चरण सिंह के पोते हैं, हम सभी लोगों की ओर से चौधरी चरण सिंह का सम्मान किया जाता है, लेकिन चौधरी चरण सिंह ने कभी इस तरह की अवसरवादिता के लिए ये पार्टी नहीं बनाई थी।

कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने बाबा रामदेव को लेकर कहा, "रामदेव तो पहले ही सलवार पहनकर भाग गए थे। बृजभूषण शरण सिंह का यह कहना सही है। और बृजभूषण शरण सिंह जी ने जो कहा है, उससे साफ पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी के अपने खेमे में ही काफी बेचैनी है। लोग आपस में ही लड़ रहे हैं। एक दूसरे पर नकली उत्पादों का आरोप लगा रहा है, तो दूसरा पहले वाले पर कुछ और आरोप लगा रहा है। जिन्हें सत्ता में अपना हिस्सा मिल रहा है, वे चुप हैं और जिन्हें हिस्सा नहीं मिल रहा, वे आपस में लड़ रहे हैं, चाहे वह बृजभूषण हों या बाबा रामदेव।"

--आईएएनएस

एसडी/डीएससी