राम मंदिर चंदा चोरी मामले में गोविंद देव गिरि महाराज पर भी कार्रवाई हो : विपक्ष
मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। अयोध्या के श्रीराम मंदिर चंदा चोरी मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं। इस बीच विपक्ष ने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज पर भी कार्रवाई की मांग की है। विपक्ष का सवाल है कि उन्हें क्यों बचाया जा रहा है?
एनसीपी (एसपी) नेता और विधायक रोहित पवार ने कहा, "चंपत राय और अनिल मिश्रा से क्या होगा? लोगों का पैसा था, लाखों-करोड़ों का दान हुआ है। लेकिन, पहले दिन से ही काफी भ्रष्टाचार हुआ है। ये लोग ट्रस्ट की महत्वपूर्ण सीटों पर थे। हमें नहीं लगता है कि एसआईटी या फिर सीबीआई इस मामले में निष्पक्ष जांच करेगी। हम चाहते हैं कि पूरे मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट से दो लोगों का इस्तीफा मंजूर किया गया। लेकिन, गोविंद देव गिरि महाराज को क्यों छोड़ा जा रहा है? रोहित पवार ने मामले की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि पूरे मामले में पारदर्शी जांच जरूरी है।
कांग्रेस नेता असलम शेख ने कहा कि यह चोरी का मामला है। लाखों-करोड़ों हिन्दुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। सरकार को ऊपर से लेकर नीचे तक कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों द्वारा ऑडिट की बात उठाते हुए कहा कि लूटने का काम चल रहा था। सिर्फ दो लोगों के इस्तीफे से काम नहीं चलेगा। सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
दूसरी ओर, भाजपा नेता राम कदम ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस राम मंदिर की विरोधी रही है। कांग्रेस पहले दिन से राम मंदिर नहीं बनने देना चाहती थी। अब कोई घटना होती है तो वे इसका फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। जिसने राम मंदिर में चोरी करने का कलंक लगाया है, उन्हें तो सड़क के बीचों-बीच फांसी दे देनी चाहिए।
मुंबई में भारी बारिश को लेकर एनसीपी (एसपी) नेता और विधायक रोहित पवार ने कहा कि प्रशासन, सरकार और लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए ताकि किसी की जान न जाए और संपत्ति को नुकसान न पहुंचे।
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में कई जगहों पर बारिश हो रही है। मुंबई में अच्छी बारिश हो रही है, जबकि नासिक में अभी कम है। लेकिन मौसम विभाग ने नासिक में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। किसानों को जो नुकसान हुआ है, सरकार उसकी भरपाई करेगी। कोंकण क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हुई है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
