Aapka Rajasthan

विनोद तावड़े ने संभाली यूपी की चुनावी कमान, सीएम योगी से मुलाकात में 2027 की रणनीति पर मंथन

लखनऊ, 6 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने में जुटी भाजपा ने अब संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी रणनीति को जमीन तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संगठन, सरकार और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
 

लखनऊ, 6 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने में जुटी भाजपा ने अब संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी रणनीति को जमीन तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच संगठन, सरकार और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

तावड़े ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे। मुलाकात को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना है।

मुलाकात के बाद विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''यूपी की रफ्तार रहेगी बरकरार, तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक से भेंटकर संगठन, सरकार एवं चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन एवं गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा का हर कार्यकर्ता 2027 में पुनः एनडीए सरकार बनाकर विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।''

उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े का यह पहला लखनऊ दौरा है। शनिवार को उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया था। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और आगामी चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

तावड़े ने लखनऊ पहुंचने के बाद भाजपा की चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी की प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा था कि भाजपा और एनडीए का प्रत्येक कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगा और जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद पार्टी अगले पांच वर्षों तक प्रदेश की जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'पीडीए' को लेकर भी तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि भाजपा अखिलेश यादव के पीडीए को नाकाम करेगी और उन्होंने पीडीए का अर्थ 'पराया धन अपना' बताया था।

तावड़े ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने कहा कि इसी विकास और संगठन की ताकत के आधार पर भाजपा 2027 में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने तावड़े का स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संजय राय और प्रदेश कार्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 18 अगस्त को विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया था। वहीं, जगदीश ईश्वरभाई पटेल को प्रदेश का सह-प्रभारी बनाया गया है। तावड़े भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद हैं तथा इससे पहले हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी वह पार्टी के प्रभारी रहे थे।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा नेतृत्व अब संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है। पार्टी की कोशिश सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के जरिए बूथ स्तर तक पहुंचाने और युवाओं समेत विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की है। ऐसे में नए प्रदेश प्रभारी के रूप में तावड़े के सामने संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने और एनडीए की लगातार तीसरी सरकार के लक्ष्य को जमीन पर उतारने की बड़ी जिम्मेदारी है।

--आईएएनएस विकेटी