Aapka Rajasthan

विनोद भयाना ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां, जन कल्याणकारी योजनाओं पर जोर

हांसी, 12 जून (आईएएनएस)। भाजपा विधायक विनोद भयाना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में सरकार ने विकास, जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है, जिससे देश के गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।
 
विनोद भयाना ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियां, जन कल्याणकारी योजनाओं पर जोर

हांसी, 12 जून (आईएएनएस)। भाजपा विधायक विनोद भयाना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में सरकार ने विकास, जनकल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है, जिससे देश के गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के जीवन में व्यापक बदलाव आया है।

विनोद भयाना ने कहा कि 'जल जीवन मिशन' के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति सुरक्षित पानी से वंचित न रहे। इस योजना ने ग्रामीण भारत में बुनियादी सुविधाओं के स्तर को मजबूत किया है और लोगों के जीवन में बड़ी राहत दी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसने छोटे व्यापारियों और युवाओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए हैं। इसी तरह स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने देश में उद्यमिता को बढ़ावा दिया है और युवाओं को नए अवसर दिए हैं।

भयाना ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के करोड़ों गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कोई भी गरीब भूखा न रहे। उन्होंने इसे गरीबों के लिए सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए, जिससे उनका जीवन आसान हुआ है और उन्हें धुएं से राहत मिली है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर बिजली बिल कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा दिया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ कम हुआ है। उन्होंने इसे गरीबों के लिए जीवनरक्षक योजना बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे हर व्यक्ति को सिर पर छत का सपना पूरा हुआ है।

किसानों के लिए सरकार की योजनाओं पर बोलते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का जिक्र किया और कहा कि किसानों को हर साल आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे उनकी आय में स्थिरता आई है। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के कारण होने वाले नुकसान की भरपाई में मदद मिलती है।

भयाना ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता के स्तर को सुधारने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। शौचालय निर्माण और खुले में शौच की प्रथा को समाप्त करने के प्रयासों ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता को बेहतर बनाया है। इन सभी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधाएं पहुंचाना है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एबीएम