Aapka Rajasthan

विक्रांत मैसी ने बताई सक्सेस की नई परिभाषा, कहा-सफलता का मतलब पैसा नहीं, अच्छा स्वास्थ

मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता विक्रांत मैसी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज सीरीज 'मुसाफिर कैफे' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता का मानना है कि कुछ मामलों में सफलता की परिभाषा में काफी बदलाव देखने को मिले हैं।
 

मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता विक्रांत मैसी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज सीरीज 'मुसाफिर कैफे' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। अभिनेता का मानना है कि कुछ मामलों में सफलता की परिभाषा में काफी बदलाव देखने को मिले हैं।

अभिनेता ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज सफलता सिर्फ करियर या पैसे तक ही सीमित नहीं है बल्कि इसमें अच्छी सेहत, मन की शांति और खुशहाल जिंदगी जीना भी शामिल है। विक्रांत मैसी ने कहा, "20 साल पहले हम मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात नहीं करते थे। आज इन चीजों पर खुलकर चर्चा हो रही है क्योंकि कहीं न कहीं हम सब समझ गए हैं कि सेहत ही सबसे बड़ी दौलत है।"

अभिनेता ने जोर देते हुए कहा कि अगर आप स्वस्थ हैं, तो सफल हैं। उन्होंने कहा, "भले ही आपके पास बड़ा घर न हो लेकिन अगर आप रात को चैन से सो पा रहे हैं, नींद की गोलियां नहीं लेनी पड़ रही हैं और आपके घर में बड़ों का सपोर्ट है, तो आप सफल हैं।"

अभिनेता विक्रांत मैसी ने कहा कि दुनिया काफी तेजी से बदल रही है, जिसका असर लोगों की सोच और सपनों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "आज सफलता का मतलब कुछ और ही है और टेक्नोलॉजी की तरह यह भी तेजी से बदलने वाला है। दुनिया जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उसका हम अंदाजा भी नहीं लगा सकते। आज कोई हुनर सीखते हैं, कल वही बेकार हो जाता है। दुनिया इसी स्पीड से चल रही है।"

अभिनेता हाल ही में वेब सीरीज 'मुसाफिर कैफे' में वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना के साथ नजर आए थे। यह सीरीज दिव्य प्रकाश दुबे के लोकप्रिय हिंदी उपन्यास 'मुसाफिर कैफे' पर आधारित है, जिसे दर्शकों की तरफ से काफी प्यार मिल रहा है।

यह सीरीज आधुनिक रिश्तों, भावनाओं और सपनों की खींचतान को बहुत ही सहजता से दिखाती है। विक्रांत मैसी का अभिनय हमेशा की तरह शानदार है। वहीं वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना ने भी अपने किरदारों में बेहतरीन काम किया है।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम