Aapka Rajasthan

वाइकिंग एफके के खिलाफ हमने बहुत गलतियां की, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा: हैरी केन

स्टावांगर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेयर्न म्यूनिख के स्ट्राइकर हैरी केन ने टीम की रक्षात्मक गलतियों पर निराशा जताई है। यूईएफए चैंपियंस लीग के ग्रुप स्टेज मुकाबले में बेयर्न म्यूनिख को वाइकिंग एफके के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलना पड़ा, जबकि टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए बढ़त हासिल कर ली थी।
 

स्टावांगर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बेयर्न म्यूनिख के स्ट्राइकर हैरी केन ने टीम की रक्षात्मक गलतियों पर निराशा जताई है। यूईएफए चैंपियंस लीग के ग्रुप स्टेज मुकाबले में बेयर्न म्यूनिख को वाइकिंग एफके के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलना पड़ा, जबकि टीम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए बढ़त हासिल कर ली थी।

केन ने दूसरे हाफ में दो गोल दागे, जिससे बेयर्न ने 2-0 से पिछड़ने के बाद मैच में वापसी की। इसके बाद लुइस डियाज ने गोल करके टीम को बढ़त भी दिला दी। हालांकि, माइकल ओलिस को रेड कार्ड मिलने के बाद मुकाबले का रुख बदल गया और बेयर्न को अंतिम समय में दबाव झेलना पड़ा।

इसका फायदा उठाते हुए वाइकिंग एफके के हरमन हॉगेन ने मैच के अंतिम चरण में बराबरी का गोल कर दिया, जिससे मुकाबला 3-3 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। नतीजे पर प्रतिक्रिया देते हुए केन ने कहा कि पहले हाफ में टीम संघर्ष करती दिखी, लेकिन ब्रेक के बाद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उनके मुताबिक, दूसरे हाफ में बेयर्न ने इतना अच्छा खेल दिखाया कि वह मैच जीत सकता था। हालांकि, रेड कार्ड और बाद की रक्षात्मक चूक के कारण टीम अपनी बढ़त कायम नहीं रख सकी और जीत हाथ से निकल गई।

मैच के बाद केन ने कहा, "पहला हाफ हमारे लिए खराब रहा। हमने दूसरे हाफ में बहुत बेहतर खेल दिखाया। हम बेहतर टीम थे, मौके बनाए और खेल को 3-2 से अपने पक्ष में कर लिया था। फिर रेड कार्ड ने जाहिर तौर पर सब कुछ बदल दिया, खासकर आखिरी 15 से 20 मिनट में। हमने एक अच्छी टीम के खिलाफ बहुत सारी आसान गलतियां कीं। जब आप इतनी बड़ी गलतियां करते हैं, तो आपको खामियाजा भुगतना पड़ता है। आज ठीक ऐसा ही हुआ।"

शुरुआती दो मिनट में ही बेयर्न पिछड़ गई, जब जियानी स्टेनस्नेस ने कॉर्नर पर हेडर से वाइकिंग को बढ़त दिलाई। हाफ-टाइम से पहले पीटर क्रिस्टियनसेन ने काउंटर-अटैक पर घरेलू टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। खेल फिर शुरू होने के बाद केन ने पेनल्टी स्पॉट से एक गोल किया और फिर हेडर से अपना दूसरा गोल करके बराबरी कराई। इसके बाद डियाज ने गोल दागते हुए मेहमान टीम की शानदार वापसी कराई। हालांकि, ओलिस के बाहर होने से बेयर्न के पास 10 खिलाड़ी ही रह गए, जिससे वाइकिंग को देर से बराबरी का गोल करने का मौका मिला, जो हॉगेन के हेडर से आया।

केन ने माना कि बेयर्न ने मैच में पहले बराबरी करने के मौके गंवा दिए थे और मेजबान टीम के अच्छे डिफेंस और मौकों का फायदा उठाने के लिए तारीफ की। उन्होंने कहा, "हमने बिल्कुल शुरुआत में ही गलती की, जिससे विरोधी टीम को सेट-पीस और गोल करने का मौका मिल गया। उसके बाद हमें कई मौके मिले और हम निश्चित रूप से बराबरी कर सकते थे। इसके बजाय, हम काउंटर-अटैक का शिकार हो गए। वाइकिंग ने अच्छा बचाव किया और अपने मौकों का इंतजार किया।"

उन्होंने आगे कहा, "इसके लिए कोई बहाना नहीं है। माहौल अच्छा था, लेकिन मुझे लगता है कि दूसरे हाफ में हमने एक टीम के तौर पर अपनी असल क्षमता दिखाई। उस प्रदर्शन के साथ हमें मैच जीतना चाहिए था। आखिर में हमें मिले प्वाइंट से संतुष्ट हैं और आगे बढ़ेंगे।"

--आईएएनएस

एसएम/एएस