विकसित भारत के संकल्प में पंजाब और उत्तराखंड के विकास को जोड़कर देश की प्रगति को नई गति देनी है: नितिन नवीन
रुद्रपुर, 10 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन को संबोधित किया और गुरु नानक देव जी, गुरु गोविंद सिंह जी और चार साहिबजादों के त्याग को नमन करते हुए देश को विकसित बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 1984 के सिख नरसंहार, करतारपुर साहिब कॉरिडोर, वीर बाल दिवस, नागरिकता संशोधन कानून और हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना का उल्लेख किया। नवीन ने नशामुक्त युवा संकल्प अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए पंजाब और उत्तराखंड के विकास को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, सांसद अजय भट्ट सहित पंजाबी और सिख बिरादरी के सदस्यगण और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
नितिन नवीन ने कहा कि मैं पटना साहिब की धरती से आया हूं। पटना मेरा घर और कर्मभूमि है। उस पवित्र स्थान से आकर मैं सभी का प्रणाम और अभिनंदन करता हूं। एक-एक सिख समाज के व्यक्ति के मन में पटना साहिब का बड़ा महत्व है, जहां गुरु गोविंद सिंह जी का वह पवित्र स्थान सभी को ऊर्जा, ताकत और दिशा देता है कि देश और अपनी मिट्टी के लिए कुछ कर गुजरें। मैं गुरु नानक देव जी की नानकमत्ता साहिब की पावन धरती को नमन करता हूं और काशीपुर, बाजपुर, सितारगंज, खटीमा, गदरपुर और जसपुर यानी पूरी तराई से आए पंजाबी और सिख भाइयों का हार्दिक अभिनंदन करता हूं। मैं गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोविंद सिंह जी और चार साहिबजादों के त्याग और बलिदान को कोटि-कोटि नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि आज दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी की पावन धरती से सभी मिलकर देश और भारत को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। जिस नानकमत्ता साहिब की धरती पर आज सभी खड़े हैं, वह कोई सामान्य भूमि नहीं है। आज से लगभग 500 वर्ष पूर्व तीसरी उदासी के समय गुरु नानक देव जी स्वयं यहां पधारे थे और सत्य का दीपक जलाया था। मैं गुरु के चरण पड़ने से बदली इस पवित्र भूमि और 500 वर्ष पुराने उस वृक्ष को नमन करता हूं, जो गुरु हरगोविंद सिंह साहिब जी के समय की गवाही दे रहा है। मैं उत्तराखंड की पावन धरा पर स्थित तीनों पवित्र धामों - हेमकुंड साहिब, नानकमत्ता साहिब और रीठा साहिब को भी शीश झुकाकर नमन करता हूं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 1947 के विभाजन की पीड़ा के समय तराई का एक-एक परिवार अपने पुरखों की निशानियों को छोड़कर यहां आकर बसा और आज यही ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड का अन्न भंडार कहलाता है। 1960 में पंतनगर में पहला कृषि विश्वविद्यालय स्थापित हुआ, जहां हरित क्रांति की नींव पड़ी। मैं शहीद ऊधम सिंह जी के नाम पर बने इस जिले और तराई के निर्माण में सिख भाइयों के योगदान को नमन करता हूं। 1984 के सिख नरसंहार की पीड़ा के समय अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था, "कलेजे में कटार गड़ गई, दूध में दरार पड़ गई।" तीन दशकों तक दोषियों को सजा नहीं मिली, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में एसआईटी का गठन किया। 1984 में निर्दोष सिख भाइयों के खिलाफ किए गए अमानवीय पाप को न देश कभी भूलेगा और न भारतीय जनता पार्टी कभी माफ करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए निर्णयों में करतारपुर साहिब कॉरिडोर का भी ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जहां गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 18 वर्ष बिताए थे। 72 वर्षों तक श्रद्धालु जिसे दूरबीन से देखते थे, उस ऐतिहासिक गलती को सुधारते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 9 नवंबर 2019 को करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोला। प्रधानमंत्री मोदी ने 26 दिसंबर को 'वीर बाल दिवस' घोषित किया, जिससे 6 वर्ष के बाबा जोरावर सिंह और 9 वर्ष के बाबा फतेह सिंह के बलिदान को देशभर में उचित सम्मान मिला।
नवीन ने कहा कि जब अफगानिस्तान में सिख समाज पर संकट आया, तब केंद्र सरकार अपने लोगों के साथ खड़ी रही। नागरिकता संशोधन कानून के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के समय किए गए वादों को पूरा किया। इसके तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए हिंदू-सिख भाइयों को शरणार्थी नहीं, बल्कि संतान मानकर गले लगाया गया। हेमकुंड साहिब की कठिन यात्रा को आसान बनाने के लिए सरकार ने 2700 करोड़ रुपए की लागत से रोप-वे परियोजना शुरू की है, जिससे अब केवल 45 मिनट में दर्शन किए जा सकेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने के प्रयास सराहनीय हैं। पंजाब में युवाओं में फैल रही नशे की लत सिख समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है। जिस प्रकार देश से नक्सलवाद को समाप्त किया गया, उसी प्रकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार ने देश तथा पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प लिया है। मैं सभी से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 2 अगस्त को शुरू किए गए 'विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा संकल्प अभियान' से जुड़ने का आह्वान करता हूं। मैं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी इस अभियान को उत्तराखंड के युवाओं के बीच पूरी ताकत से चलाने का आग्रह करता हूं।
नितिन नवीन ने कहा कि मैं देश की आजादी और सीमाओं की सुरक्षा के लिए सिख समाज द्वारा दी गई कुर्बानियों को नमन करता हूं। आजादी के बाद पंजाब और सिख समाज को विकास के पटल पर जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह अब मिलेगा। हमारे पटना साहिब में भी जिस प्रकार सिख समाज एक-दूसरे के साथ कदम से कदम मिलाकर और भाईचारे के साथ आगे बढ़ता है, उससे सभी समाज को सीख लेने की आवश्यकता है। आज आप सभी के बीच आकर मैं अपने आप को धन्य मान रहा हूं। आइए, हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी ने इस देश को आगे बढ़ाने और 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो सपना देखा है, उसमें जुड़ें। हम सब मिलकर विकसित भारत बनाने के इस संकल्प को पूरा करेंगे और आने वाले समय में भारत के विकास में पंजाब और उत्तराखंड का विकास भी जुड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आज गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती भी है और उन्हें नमन करने का मौका मिला। मैंने आज सुबह उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और प्रणाम किया। मैं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे समाज के साथ बैठने का मौका दिया। मैं पटना साहिब तथा गुरु गोविंद सिंह जी से प्रार्थना करता हूं कि वे उन पर और सभी देशवासियों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।
--आईएएनएस
डीकेपी/
