विदिशा में आत्महत्या करने वाले किसान को नेता प्रतिपक्ष ने एक लाख रुपए की सहायता राशि दी
विदिशा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में पिछले दिनों एक किसान ने आत्महत्या कर ली। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। साथ ही एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया।
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील के अंतर्गत ग्राम सांगुल पहुंचकर किसान कालूराम जाट के निवास पर शोक संवेदना व्यक्त किया और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। सिंघार ने कहा कि एक किसान को अपनी ही जमीन और सम्मान के लिए संघर्ष करते-करते, प्रशासनिक उपेक्षा के चलते आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा है जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। यह घटना केवल एक परिवार की व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न चिह्न खड़ा करती है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी किसान को ऐसी पीड़ा न झेलनी पड़े, इसके लिए जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
इस अवसर पर सिंघार ने मौके पर मौजूद एसडीएम को मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा भी की। सिंघार ने दोहराया कि वे इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी
