विधायक जयराम महतो की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा झारखंड पुलिस एसोसिएशन, चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
रांची, 1 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम कुमार महतो और उनके समर्थकों पर धनबाद के बरवाअड्डा थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और अमर्यादित व्यवहार के आरोपों को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आंदोलन का ऐलान किया है।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू और महामंत्री संजीव कुमार ने मंगलवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आंदोलन के पहले चरण में 8 से 11 सितंबर तक पुलिसकर्मी वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। 19 सितंबर को सामूहिक उपवास किया जाएगा। इस दौरान थानों, ओपी और पुलिस मेस में खाना नहीं बनाया जाएगा।
24 सितंबर को एसपी कार्यालयों के सामने धरना दिया जाएगा, जबकि एसोसिएशन के केंद्रीय पदाधिकारी डीजीपी कार्यालय के सामने धरना देंगे। इसके बाद 5 से 10 अक्टूबर तक पुलिसकर्मी सामूहिक अवकाश पर जाएंगे।
एसोसिएशन के मुताबिक, बीते 22 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में कांड संख्या 146/26 के सिलसिले में जयराम महतो और उनके समर्थकों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और एक आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया।
एसोसिएशन का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के पांच दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिस एसोसिएशन को धमकाया गया। एसोसिएशन ने विधायक और उनके समर्थकों की जल्द गिरफ्तारी के अलावा वर्दी और राशन भत्ते में बढ़ोतरी, सातवें वेतनमान के अनुसार विभिन्न भत्तों के पुनरीक्षण और केंद्रीय पुलिस की तर्ज पर दो बच्चों के लिए शिक्षा भत्ता देने की मांग की है।
वहीं, स्वास्थ्य भत्ता बढ़ाने, लंबे समय से एक ही जिले में तैनात पुलिसकर्मियों का तबादला और समय पर पदोन्नति की मांग भी की गई है। जनप्रतिनिधियों की ओर से पुलिस के काम में कथित अनैतिक हस्तक्षेप और अमर्यादित व्यवहार रोकने के लिए कड़ा कानून बनाने की मांग भी एसोसिएशन ने की है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
