Aapka Rajasthan

विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, फर्जी वीजा और दस्तावेज बरामद

ग्रेटर नोएडा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाने की पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में फर्जी वर्क वीजा, एग्रीमेंट लेटर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
 
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल को लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी इसहाक युनुस पुत्र युनुस उसमान को हिंडन नदी पुल के पास, चार मूर्ति क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूलरूप से जिला रामपुर के थाना गंज क्षेत्र के दोमाला रोड का निवासी है और उसकी उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 50 फर्जी वर्क परमिट एंट्री पास, क्रिटोनिका कंपनी के 3 एग्रीमेंट लेटर और 3 कॉन्ट्रैक्ट लेटर (मालदीव से संबंधित), एक फर्जी आधार कार्ड की फोटोकॉपी, उसका असली आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक चेकबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

उसने बताया कि वह लोगों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे डेढ़ लाख से दो लाख रुपए तक वसूलता था। वह खुद को 'संतोष' नाम से पेश करता था और इसी नाम से उसने फर्जी आधार कार्ड भी बनवा रखा था, ताकि लोगों को अपनी पहचान पर शक न हो।

आरोपी फर्जी वर्क परमिट, एंट्री पास और कॉन्ट्रैक्ट लेटर दिखाकर लोगों को भरोसे में लेता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी काफी समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था और कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं और कितने लोगों से अब तक ठगी की गई है।

इस मामले में थाना बिसरख में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश भेजने या नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी पर भरोसा न करें और किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य कर लें।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी