Aapka Rajasthan

विहिप ने महापौर से दिल्ली में सम्राट हेमचंद्र विक्रमादित्य का स्मारक बनाने की मांग की

नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप), इन्द्रप्रस्थ के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की।
 
विहिप ने महापौर से दिल्ली में सम्राट हेमचंद्र विक्रमादित्य का स्मारक बनाने की मांग की

नई दिल्‍ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप), इन्द्रप्रस्थ के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को पत्र सौंपकर दिल्ली में मध्यकालीन भारत के महाप्रतापी शासक सम्राट हेमचंद्र विक्रमादित्य (हेमू) का भव्य स्मारक बनाने का आग्रह किया। इस दौरान विहिप के केंद्रीय सह संगठन मंत्री विनायक राव और प्रांत संगठन मंत्री सुबोध उपस्थित रहे।

प्रांत मंत्री ने पत्र में उल्लेखित किया कि सम्राट हेमचंद्रविक्रमादित्य भारतीय इतिहास के मध्यकालीन स्वर्णिम अध्याय के एक अद्वितीय राष्ट्रवीर और महापराक्रमी शासक रहे हैं। वे सांस्कृतिक पुनर्जागरण के अग्रदूत थे, जिन्होंने भारतीय चेतना को पुनः जाग्रत करने का कार्य किया। राजा हेमचंद्र ने अपने अदम्य साहस और रणकौशल के बल पर अनेक युद्धों में विजय प्राप्त कर दिल्ली की राजगद्दी को सुशोभित किया था ।

पत्र में गुप्ता ने आगे लिखा कि उन्हें भारतीय इतिहास में स्वदेशी सत्ता, राष्ट्राभिमान तथा शौर्य-परंपरा के प्रतीक के रूप में प्रतिष्ठित माना जाता है। सम्राट हेमू का शासन न्याय, धर्म, लोककल्याण तथा सुशासन के उच्च आदर्शों पर आधारित था। वे भारतीय जीवन-मूल्यों, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक अस्मिता के महान संरक्षक थे।

सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनका व्यक्तित्व इस बात का प्रमाण है कि भारतीय नेतृत्व परंपरा सदैव आत्मनिर्भरता एवं शौर्य से अनुप्राणित रही है।

प्रांत मंत्री ने बताया कि संगठन ने महापौर से आग्रह किया है कि राष्ट्रीय राजधानी में इस महान योद्धा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए आवश्यक प्रशासनिक पहल की जाए। यह स्मारक न केवल इतिहास के प्रति न्याय होगा, बल्कि राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन में भी बड़ा योगदान देगा।

इस विषय की गंभीरता को देखते हुए, पत्र की एक प्रतिलिपि उप महापौर जय भगवान यादव को भी प्रेषित की गई है। विहिप ने विश्वास जताया कि निगम प्रशासन इस राष्ट्रहितैषी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी