Aapka Rajasthan

वीर बाल दिवस से अटल जयंती तक भाजपा का मिशन मोड, जेपी नड्डा ने संगठन को दिया स्पष्ट रोडमैप

लखनऊ, 20 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
 
वीर बाल दिवस से अटल जयंती तक भाजपा का मिशन मोड, जेपी नड्डा ने संगठन को दिया स्पष्ट रोडमैप

लखनऊ, 20 दिसंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

नड्डा ने सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और इसके बाद संगठनात्मक अभियानों, कार्यक्रमों तथा आगामी आयोजनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने 26 दिसंबर को मनाए जाने वाले वीर बाल दिवस को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों के अमर बलिदान की गाथा को लोकव्यापी बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए साहिबजादों ने अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने से इनकार किया और धर्म परिवर्तन स्वीकार नहीं किया। इतनी कम आयु में दिया गया यह बलिदान अडिग आस्था, अदम्य साहस और वीरता की अनुपम मिसाल है।

उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें साहस, सत्य, आत्मसम्मान और देश-धर्म की रक्षा के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 25 दिसंबर, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती के अवसर पर राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की 65 फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो “एक देश, एक विधान, एक निशान,” एकात्म मानववाद से साकार होता अंत्योदय और “जय जवान, जय किसान” से “जय विज्ञान” तक के विकास संकल्प का प्रतीक होंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल म्यूजियम के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के लिए किए गए संघर्षों और विचारधारा को समझने का अवसर मिलेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश संगठन सभी कार्यक्रमों और अभियानों को सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती बूथ स्तर तक मनाई जाएगी। जिला स्तर पर प्रदर्शनियों और संगोष्ठियों के माध्यम से वाजपेयी के व्यक्तित्व, ऐतिहासिक निर्णयों, नेतृत्व क्षमता और अंत्योदय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियानों, सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा और कार्यक्रमों को मिशन मोड में आगे बढ़ाएं, ताकि राष्ट्रवादी विचार और विकास का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

-- आईएएनएस

विकेटी/एमएस