वर्षा उसगांवकर से लेकर कैलाश खेर ने पीएम मोदी को दीं जन्मदिन की शुभकामनाएं
मुंबई, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर, फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी, दिनेश लाल यादव (निरहुआ) और कैलाश खेर ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के साथ बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बर्थडे विश करते हुए उनकी पर्सनैलिटी की तारीफ की और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। अभिनेत्री ने कहा, "मोदी जी हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं और वह एक ऐसी पर्सनैलिटी हैं, जिस पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। इसलिए, मैं उन्हें सलाम करती हूं। मैं उन्हें शुभकामानएं देने के साथ-साथ भगवान से प्रार्थना भी करती हूं कि वह उनका स्वास्थ्य अच्छा बनाए रखें और लंबी उम्र दें।"
नेशनल अवॉर्ड-विनिंग फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना की और उम्मीद जताई कि वह आगे भी देश का नेतृत्व करते रहें। उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं। वह देश की बहुत सेवा कर रहे हैं। मैं दिल से प्रार्थना करना चाहता हूं कि वह लंबी और स्वस्थ्य जिंदगी जिएं। साथ ही, वह हमें उसी तरह लीड करते रहें जैसे उन्होंने अब तक किया है। मैं, तो यही कामना करता हूं कि वह 100 साल से ज्यादा मजबूत और स्वस्थ जीवन जिएं।"
एक्टर व पॉलिटिशियन दिनेश लाल यादव (निरहुआ) ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पीएम मोदी ने एक नेता कैसा होना चाहिए, इसकी एक अलग पहचान बनाई है, उनका जीवन और हर सांस देश के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा, "17 सितंबर कों हम बचपन से भगवान विश्वकर्मा जयंती के रूप में मनाते आ रहे हैं और यह हमारा सौभाग्य है कि हम इसी दिन प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन मना रहे हैं। उन्हें भगवान ने भेजा है कि नए भारत की रचना कौन करेगा और हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वे स्वस्थ रहें और लंबी उम्र पाएं और इसी तरह हमारे भारत के लिए, कड़ी मेहनत कर रहे हैं, जिसे विकसित बनाने का उन्होंने सपना देखा है।"
दिनेश लाल यादव ने कहा, "यह हमारे प्राइम मिनिस्टर का जन्मदिन है और वह चीफ मिनिस्टर और प्राइम मिनिस्टर के तौर पर 25 साल पूरे कर रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में न सिर्फ भाजपा बल्कि लोगों के मन में एक लीडर के तौर पर अलग पहचान बनाई है। लीडर होने का क्या मतलब है? उन्हें अपने देश के लिए सब कुछ डेडिकेट कर देना चाहिए। धन्यवाद।"
मशहूर गायक कैलाश खेर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गाना रिलीज किया था। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी के जन्मदिन के लिए हम लोग 10 साल पहले सूरत में कॉन्सर्ट कर रहे थे और उनके जन्मदिन पर पुराना गाना 'हैप्पी बर्थडे सुनाती' बज रहा था। तो तभी हमने सोचा कि सौ साल हमारी इंडस्ट्री को हो गए हैं और इस दौरान बहुत काम हुए हैं। बड़ी बड़ी कहानियां लिखी जा रही हैं, लेकिन किसी के दिमाग में समझ नहीं आया कि जन्मदिन के लिए एक ही गाना बना है। तभी हमने उनके जन्मदिन पर कुछ साल पहले एक गाना बनाया था और उन्हें समर्पित किया था। बाद में पीएम मोदी का अप्रीसीएशन भी आया था, तो वही गाना हर जन्मदिन पर बजता है और इस बार भी वही बजेगा।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
