Aapka Rajasthan

'वंदे मातरम' कानून ऐतिहासिक, अपमान करने वालों को मिलेगी कड़ी सजा : राकेश त्रिपाठी

लखनऊ, 30 जुलाई (आईएएनएस)। 'वंदे मातरम' से जुड़े विधेयक पर भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह कानून राष्ट्रगीत के सम्मान की रक्षा करेगा और उसका अपमान करने वालों के लिए कड़ा संदेश साबित होगा। उन्होंने भारतीय हॉकी टीम की नई केसरिया जर्सी, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक समेत कई अहम मुद्दे पर राय रखी।
 

लखनऊ, 30 जुलाई (आईएएनएस)। 'वंदे मातरम' से जुड़े विधेयक पर भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह कानून राष्ट्रगीत के सम्मान की रक्षा करेगा और उसका अपमान करने वालों के लिए कड़ा संदेश साबित होगा। उन्होंने भारतीय हॉकी टीम की नई केसरिया जर्सी, प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक समेत कई अहम मुद्दे पर राय रखी।

'वंदे मातरम' पर राकेश त्रिपाठी ने कहा कि यह दुनिया के सबसे अधिक गाए जाने वाले गीतों में से एक है। इसे गाने से देशभक्ति की भावना तथा ऊर्जा का संचार होता है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों ने इसी गीत को गाते हुए फांसी के फंदे को चूमा था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद कुछ लोग इस गीत को धर्म से जोड़कर उसका अपमान करते हैं। ऐसी परिस्थितियों में कठोर कानून की आवश्यकता थी ताकि राष्ट्रगीत का सम्मान बना रहे।

भारतीय हॉकी टीम के आगामी विश्व कप में अपनी पारंपरिक नीली जर्सी के स्थान पर केसरिया जर्सी पहनने के फैसले पर उठे विवाद को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने कहा कि रंगों को लेकर विरोध करना घटिया मानसिकता का परिचायक है। हर रंग का सम्मान होना चाहिए और भगवा रंग त्याग, बलिदान तथा शौर्य का प्रतीक है। जो लोग इस रंग से चिढ़ते हैं, उन्हें अपने मानसिक दिवालियेपन का इलाज कराना चाहिए।

प्रियंका गांधी द्वारा ऑरेंज जर्सी को लेकर भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर की गई टिप्पणी पर त्रिपाठी ने कहा कि खेलों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब टीम नीली जर्सी पहनती थी, तब क्या उसे किसी राजनीतिक दल से जोड़ा जाता था? टीम की जर्सी का रंग प्रबंधन और संबंधित खेल संस्था तय करती है, इसलिए इसे राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गैर-मौजूदगी और अन्य मुद्दों पर उठाए गए सवालों पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता से अधिक जिम्मेदार और तथ्यात्मक बयान की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे ने सदन में तथ्यों से अधिक राजनीतिक बयानबाजी की और केवल अपने राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा संसद परिसर में वरिष्ठ मंत्रियों और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के साथ कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक की अध्यक्षता करने पर राकेश त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रकार की बैठकें सरकार की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री मोदी देश के महत्वपूर्ण सुरक्षा और रणनीतिक मुद्दों पर लगातार समीक्षा करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और क्षेत्रीय सुरक्षा परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का हर समय सतर्क और तैयार रहना आवश्यक है।

बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा नीट-यूजी री-एग्जाम में ओएमआर से छेड़छाड़ संबंधी याचिका खारिज किए जाने और याचिकाकर्ता पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाए जाने पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कुछ लोग हर परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को विवादित बनाने की कोशिश करते हैं। अदालत का यह फैसला ऐसे लोगों के लिए सबक है जो बिना ठोस आधार के न्यायालयों में जाकर भर्ती प्रक्रियाओं को बाधित करने का प्रयास करते हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा छात्र आंदोलन के दौरान सरकार को छात्रों को कथित रूप से परेशान न करने की चेतावनी देने और पैलेट गन के इस्तेमाल पर कार्रवाई की मांग पर राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। पत्रकारों के साथ मारपीट हुई, पुलिसकर्मियों पर हमले हुए और आपत्तिजनक नारे लगाए गए। फेस रिकॉग्निशन तकनीक के जरिए दिल्ली पुलिस ने 2 हजार से अधिक असामाजिक तत्वों की पहचान की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बल का प्रयोग किया गया और गोली चलाने जैसी बातें केवल अफवाह हैं।

तमिलनाडु सरकार द्वारा मिड-डे मील योजना में सप्ताह में एक दिन चिकन बिरयानी परोसने के प्रस्ताव पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि खान-पान को लेकर किसी पर कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए, लेकिन शाकाहार को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। शाकाहार भारतीय सनातन संस्कृति से जुड़ा हुआ है और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी माना जाता है।

ई20 पेट्रोल के विरोध और इस मुद्दे पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की 'टीम भारत' के प्रतिनिधियों से मुलाकात पर राकेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और बहुराष्ट्रीय कंपनियां मिलकर ई20 के खिलाफ झूठा नैरेटिव गढ़ रही हैं। अब तक ऐसा कोई वैज्ञानिक प्रमाण या शोध सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो कि ई20 के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं या ईंधन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। भारत की आधुनिक तकनीकों और विकास को रोकने के उद्देश्य से इस तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं।

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा इस्कॉन के विरोध के बावजूद मिड-डे मील में अंडे जारी रखने के फैसले पर राकेश त्रिपाठी ने कहा कि भोजन को लेकर विवाद नहीं होना चाहिए। बच्चों को पौष्टिक आहार मिलना सबसे महत्वपूर्ण है और ऐसे मामलों में अभिभावकों तथा संबंधित समितियों से विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाना चाहिए ताकि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता मिल सके।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम