Aapka Rajasthan

वंदे मातरम भारत की आजादी और स्वाभिमान का मंत्र है : बीडी शर्मा

नई दिल्ली, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता बीडी शर्मा ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के मौके पर इसे देश की आजादी का मंत्र और भारत का स्वाभिमान बताया।
 
वंदे मातरम भारत की आजादी और स्वाभिमान का मंत्र है : बीडी शर्मा

नई दिल्ली, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता बीडी शर्मा ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के मौके पर इसे देश की आजादी का मंत्र और भारत का स्वाभिमान बताया।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि इसी मंत्र से प्रेरित होकर हिंदुस्तानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा खोलकर आजादी की लड़ाई की पहल की थी।

उन्होंने वंदे मातरम पर संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज जब वंदे मातरम के 150 साल पूरे हो रहे हैं तो इस खास मौके पर हमारा लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनने की दिशा में अग्रसर हो चुका है। वंदे मातरम भारतीयों के लिए जोश और जज्बे का स्रोत है।

वहीं, भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने वंदे मातरम को भारत की आत्मा बताते हुए कहा कि इसी के आधार पर देश की आजादी की लड़ाई लड़ी गई। इसी गीत ने हिंदुस्तानियों को देश की आजादी के लिए प्रेरित किया। आज इस गीत को 150 साल पूरे हो चुके हैं। यह मौका हम सभी हिंदुस्तानियों के लिए खुशी और गर्व का पल है, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।

इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के बाद आंखों में आंसू आ गए। मन देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। प्रधानमंत्री के भाषण ने हृदय को गदगद कर दिया।

भाजपा सांसद हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वंदे मातरम भारत की अस्मिता का प्रतीक है। अंग्रेजी हुकूमत के दौरान इस गीत ने सभी हिंदुस्तानियों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया था। स्वाधीनता की लड़ाई में वंदे मातरम हम सभी हिंदुस्तानियों के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बना। 2047 में जब भारत विकसित राष्ट्र बन रहा होगा, तब वंदे मातरम हम सभी लोगों के लिए समृद्धि का प्रतीक बना रहेगा।

वहीं, महबूबा मुफ्ती के बयान के संबंध में उन्होंने कहा कि जो देश अपने गौरवपूर्ण राष्ट्र को याद नहीं करता है, उसका गर्त में जाना तय होता है।

--आईएएनएस

एसएचके/डीकेपी