वनडे की शानदार फॉर्म के कारण लय बनाए रखने में मदद मिली: विराट कोहली
बेंगलुरु, 29 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हराया। एम. चिन्नास्वामी के मैदान पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी की जीत के नायक विराट कोहली रहे। कोहली ने कहा कि वनडे की शानदार फॉर्म का फायदा उन्हें इस मैच में भी मिला।
आरसीबी को सीजन के पहले मुकाबले में धमाकेदार जीत दिलाने के बाद कोहली ने कहा, "मैदान पर वापस आकर अच्छा लग रहा है। आपने टी20 क्रिकेट की बात की, मैंने जो आखिरी मैच खेला था वह पिछले साल का फाइनल था, लेकिन मुझे लगता है कि हाल ही में वनडे सीरीज में जिस तरह से मैंने बैटिंग की, उसके कारण मुझे लय बनाए रखने में सच में मदद मिली। मैं ऐसे शॉट नहीं खेल रहा था जो मैं आमतौर पर नहीं खेलता। इसलिए मुझे पता था कि जब तक मेरे पास लय है और मैंने पर्दे के पीछे अपनी फिटनेस पर काम किया है, तब तक चीजें अच्छी तरह से होती रहेंगी। हां, आज रात अच्छी शुरुआत करने और इसे आगे बढ़ाने का एक और मौका था।"
कोहली ने कहा कि ब्रेक के कारण उन्हें फिर से तरोताजा होने में मदद मदद मिलती है। उन्होंने कहा, "पिछले 15 सालों में जिस तरह का शेड्यूल रहा है और मैंने जितना क्रिकेट खेला है, उसकी वजह से यह रिस्क रहता है कि मैं थक जाऊंगा। ये ब्रेक मुझे मानसिक तौर पर मदद करते हैं। मैं फ्रेश रहता हूं, मैं उत्साहित रहता हूं। जब भी मैं खेलने वापस आता हूं, तो अपना 120 प्रतिशत देता हूं। मैं बिना तैयारी के वापस नहीं आता। असल में, अतिरिक्त आराम मुझे मानसिक तौर पर तरोताजा होने में मदद करता है। जब तक आप शारीरिक तौर पर फिट और मानसिक रूप से उत्साहित रहेंगे, चीजें अच्छे से होती रहेंगी।"
कोहली ने 38 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। विराट को दूसरे छोर से देवदत्त पडिक्कल का अच्छा साथ मिला। पडिक्कल ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 61 रन बनाए। कोहली ने पडिक्कल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "लाजवाब पारी। मेरा मतलब है, शुरू से ही, मेरा प्लान था कि पावरप्ले में आक्रामक बैटिंग करूंगा। हालांकि, जब मैंने पडिक्कल को खेलते देखा, तो मुझे लगा बस उन्हें स्ट्राइक पर वापस लाते रहो और यहां-वहां बाउंड्री मारते रहो। उन्होंने पूरी तरह से विरोधी टीम से मैच को छीन लिया। जब उन्होंने मिड-ऑन के ऊपर से छक्का मारा, तो मैंने उनसे कहा कि बस ऐसे ही खेलते रहूं।"
विराट ने पडिक्कल की शानदार पारी का श्रेय घरेलू क्रिकेट में किए गए दमदार प्रदर्शन को भी दिया। "पडिक्कल से मैंने कहा कि तुम गेंद को बहुत अच्छे से मार रहे हो, बस पुश करते रहो और विरोधी टीम से गेम छीन लो। अगर हम 25-26 गेंदें शेष रहते हुए जीत दर्ज करते हैं, तो इसका फायदा हमें नेट रन रेट में भी मिलेगा। पडिक्कल की पारी जबरदस्त थी। मैंने उन्हें करीब से खेलते हुए देखा है। पडिक्कल के पास जो स्किल्स हैं अब वह उसे इस्तेमाल कर रहे हैं। यह एक शानदार घरेलू सीजन का भी नतीजा है। पडिक्कल की टाइमिंग, सिर की पोजीशन, बैलेंस, बिल्कुल वर्ल्ड-क्लास दिखा। मुझे पता है कि जब वह आत्मविश्वास से भरे रहते हैं, तो बल्ले से क्या कर सकते हैं और इस मुकाबले में उन्होंने अपनी काबिलियत को दिखाया।"
--आईएएनएस
एसएम/एएस
