Aapka Rajasthan

एस जयशंकर से मिले स्विफ्ट के सीईओ, वैश्विक व्यापार को सुगम बनाने पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। वैश्विक इंटरबैंक वित्तीय दूरसंचार सोसाइटी (स्विफ्ट) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेवियर पेरेज-तासो ने सोमवार को नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान वैश्विक व्यापार को सुचारू और प्रभावी बनाने के महत्व पर चर्चा की।
 

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। वैश्विक इंटरबैंक वित्तीय दूरसंचार सोसाइटी (स्विफ्ट) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेवियर पेरेज-तासो ने सोमवार को नई दिल्ली में मुलाकात के दौरान वैश्विक व्यापार को सुचारू और प्रभावी बनाने के महत्व पर चर्चा की।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में स्विफ्ट के सीईओ जेवियर पेरेज-तासो से मिलकर खुशी हुई। हमने वैश्विक व्यापार को सुगम और कुशल बनाने के महत्व पर चर्चा की। साथ ही, इस संदर्भ में भू-राजनीतिक चुनौतियों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

तासो जुलाई 2019 से इस पद पर हैं। वर्ष 1995 में वो इससे जुड़े थे। उन्होंने संगठन में विभिन्न तकनीकी और नेतृत्व भूमिकाएं निभाई हैं। सीईओ बनने से पहले, वह सितंबर 2015 से अमेरिका और यूके क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थे। इससे पहले वे चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (सीएमओ) रह चुके हैं, जहां उन्होंने 'स्विफ्ट 2020' रणनीति का नेतृत्व किया था।

सीमा पार भुगतानों को तेज, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ब्लॉकचेन तकनीक, केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्राओं और डिजिटल परिसंपत्तियों के एकीकरण पर उन्होंने खास जोर दिया है।

स्विफ्ट (वैश्विक इंटरबैंक वित्तीय दूरसंचार सोसाइटी) वैश्विक वित्तीय संदेश प्रणाली है, जिसका इस्तेमाल दुनिया भर के बैंक और वित्तीय संस्थान अंतरराष्ट्रीय भुगतान से जुड़े संदेशों के सुरक्षित आदान-प्रदान के लिए करते हैं। भारत में ये 'स्विफ्ट इंडिया' के रूप में मौजूद हैं, और इसका प्रबंधन देश के प्रमुख सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंक करते हैं।

आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, भारत सरकार और स्विफ्ट नेतृत्व के बीच गिफ्ट सिटी में रणनीतिक उपस्थिति बढ़ाने और वित्तीय लेनदेन के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा पहले भी हुई है। भारत में सीमा पार भुगतान और व्यापारिक संदेशों के आदान-प्रदान के लिए इसका व्यापक उपयोग होता है। भारत और दक्षिण एशिया क्षेत्र में इसकी प्रमुख किरण शेट्टी हैं।

--आईएएनएस

केआर/