वैश्विक युद्ध के बीच अफवाह फैलाना देश से गद्दारी है : दिलीप जायसवाल
पटना, 15 मार्च (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने रविवार को वैश्विक हालात, देश में फैल रही अफवाहों और पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस समय दुनिया के कई देशों के बीच संघर्ष चल रहा है और ऐसे माहौल में भारत की सबसे बड़ी चिंता अपने नागरिकों को सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से कहा कि इस वक्त दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। ईरान, इजरायल, अमेरिका, रूस और यूक्रेन जैसे देशों के बीच संघर्ष चल रहा है। इन युद्धों की वजह से दुनिया के कई देशों के सामने अलग-अलग तरह की समस्याएं खड़ी हो रही हैं। ऐसे समय में भारत की चिंता यह है कि अपने देश के लोगों को किस तरह लगातार सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के भीतर कुछ लोग इस गंभीर स्थिति में भी भ्रामक प्रचार और प्रोपेगेंडा फैलाने का काम कर रहे हैं। खासकर इंडिया ब्लॉक और कांग्रेस से जुड़े कुछ लोग अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
दिलीप जायसवाल ने कहा, "इस तरह की विषम परिस्थितियों में भी अगर कोई देश के अंदर झूठी खबरें फैलाता है तो यह देश के साथ गद्दारी के समान है। पूरा देश समझ रहा है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जो संघर्ष हो रहा है, उसमें भारत का कोई सीधा संबंध नहीं है। लेकिन फिर भी भारत में यह अफवाह फैलाई जाती है कि गैस खत्म हो गई है या पेट्रोल खत्म हो गया है।"
उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज में डर और भ्रम फैलाने की कोशिश करते हैं। दिलीप जायसवाल ने सरकार से मांग की कि जो लोग इस तरह की अफवाहें फैलाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
इसके साथ ही दिलीप जायसवाल ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भारी भीड़ उमड़ी, जो इस बात का संकेत है कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है।
उन्होंने कहा, "शनिवार को कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में लाखों लोग पहुंचे थे। ममता बनर्जी सत्ता में बने रहने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था का दुरुपयोग कर रही हैं। डर और सरकारी तंत्र के गलत इस्तेमाल के जरिए वह अपनी सरकार को बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं।"
दिलीप जायसवाल ने आगे कहा कि अब पश्चिम बंगाल की जनता यह समझ चुकी है कि राज्य का विकास क्यों नहीं हो पा रहा है, वहां के युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है, और लोग खुशहाल क्यों नहीं हैं। बंगाल के लोग इन सभी मुद्दों को समझ रहे हैं, और आने वाले समय में राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस
